हल्द्वानी: ठगी के मामले में पीड़ित को चक्कर कटवाती रही मुखानी पुलिस, एसएसपी को देना पड़ा दखल
हल्द्वानी,अमृत विचार। जालसाज दंपति ने नौकरी लगवाने के नाम पर एक दर्जन से अधिक लोगों को अपना शिकार बनाकर एक करोड़ रुपए से अधिक की ठगी को अंजाम दिया। इस मामले में मुखानी पुलिस के चक्कर काटने के बाद पीड़ित एसएसपी के पास पहुंचा। अब एसएसपी के दखल पर आरोपी दंपति के खिलाफ मुखानी पुलिस …
हल्द्वानी,अमृत विचार। जालसाज दंपति ने नौकरी लगवाने के नाम पर एक दर्जन से अधिक लोगों को अपना शिकार बनाकर एक करोड़ रुपए से अधिक की ठगी को अंजाम दिया। इस मामले में मुखानी पुलिस के चक्कर काटने के बाद पीड़ित एसएसपी के पास पहुंचा। अब एसएसपी के दखल पर आरोपी दंपति के खिलाफ मुखानी पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

नर्सिंग तल्ला भगवानपुर कमलुवागांजा निवासी रेस्टोरेंट संचालक परमजीत सिंह पुत्र निर्मल सिंह ने बताया कि वर्ष 2019 दिसंबर में उसकी मुलाकात प्रीतम सिंह बिष्ट पुत्र बिशन सिंह बिष्ट निवासी अंबा कॉलोनी गैस गोदाम रोड से हुई थी। दोनों में गहरी मित्रता हो गई और प्रीतम अपनी पत्नी चांदनी को लेकर अक्सर रेस्टोरेंट आने लगा। चांदनी ने परमजीत को अपना मुंहबोला भाई भी बना लिया और राखी भी बांध दी। यह बात दो साल पुरानी है और तभी लॉकडाउन की वजह से परमजीत की आर्थिक स्थिति खराब हो गई।
कर्ज लेकर खोला रेस्टोरेन्ट चल नहीं पाया। एक दिन चांदनी रेस्टोरेंट पहुंची और कहा कि उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा जारी राजस्व उप निरीक्षक/पटवारी पद के लिए आवेदन करने को कहा। चांदनी ने पति की आला अधिकारियों और बड़े नेताओं में अच्छी पैठ बताई और कहा कि पांच लाख देकर परीक्षा में पास करा देंगे। मुंहबोला भाई बन चुका परमजीत चांदनी के झांसे में आ गया और पैसे दे दिए, लेकिन न तो उसे परीक्षा में मदद मिली और न ही नौकरी।
इस मामले में परमजीत तहरीर लेकर मुखानी पुलिस के चक्कर काटते रहे, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई नहीं की, जिसके बाद उन्होंने इस मामले में बीते बुधवार को एसएसपी पंकज भट्ट से मुलाकात की। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए। परमजीत की मानें तो वह इस सालसाज दंपति का इकलौता शिकार नहीं है। बल्कि एक दर्जन से अधिक लोगों से यह दंपति एक करोड़ से अधिक रुपये की ठगी कर चुका है।
केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री के नाम पर करता था ठगी
इस मामले में कुछ ऑडियो वायरल हो रहे हैं, जो आरोपी के बताए जा रहे हैं। ऑडियो में आरोपी एक केंद्रीय मंत्री और उत्तराखंड मुख्यमंत्री के नाम लेता सुनाई दे रहा है। साथ ही दोनों से अच्छी पहचान होने का दावा भी कर रहा है। मुखानी थाने में दर्ज हुई रिपोर्ट में सहसपुर के भाजपा नेता का भी जिक्र किया गया है, जिनके नाम पर आरोपी ठगी करता था।
