मुरादाबाद : तय से दोगुना बिजली खपत करने वालों पर कसी जाएगी नकेल
मुरादाबाद, अमृत विचार। विद्युत क्षमता के साथ घालमेल करने वाले उपभोक्ताओं की अब खैर नहीं है। इन दिनों बिजली निगम का चोरी करने वालों के खिलाफ सख्त रवैया बना हुआ है। ऐसे में कागज में कम लोड दिखाकर बिजली की अधिक खपत कर रहे उपभोक्ताओं पर निगम ने नकेल कसने की तैयारी कर ली है। …
मुरादाबाद, अमृत विचार। विद्युत क्षमता के साथ घालमेल करने वाले उपभोक्ताओं की अब खैर नहीं है। इन दिनों बिजली निगम का चोरी करने वालों के खिलाफ सख्त रवैया बना हुआ है। ऐसे में कागज में कम लोड दिखाकर बिजली की अधिक खपत कर रहे उपभोक्ताओं पर निगम ने नकेल कसने की तैयारी कर ली है। पकड़े जाने पर उपभोक्ता पर जुर्माने की गाज तो गिरेगी और मुकदमा भी दर्ज कराया जाएगा। यह कदम बढ़ती गर्मी के चलते ट्रांसफार्मरों पर बढ़ते लोड को देखते हुए उठाया गया है।
ऊर्जा निगम के अनुसार अधिकतम भार क्षमता 441 मेगावाट है। पिछले साल अधिकतम भार 360 मेगावाट रहा था। इस बार अब तक भार 350 मेगावाट के आसपास है, लेकिन जैसे-जैसे गर्मी बढ़ेगी, वैसे-वैसे भार भी बढ़ेगा। क्योंकि एसी, फ्रीज, कूलर आदि का इस्तेमाल शुरू हो गया है। ऐसे में ट्रांसफॉर्मर पर भी लोड बढ़ रहा है। विभाग के मुताबिक लाइनलॉस और चेकिंग के दौरान पाया गया कि उपभोक्ता कनेक्शन लेने के दौरान तय किए गए लोड से तीन गुना अधिक बिजली की खपत करते पाए गए हैं। इससे ट्रांसफार्मरों पर अचानक हो लोड बढ़ गया है।
ऐसे समझें अपनी खपत
घर में यदि चार सीएफएल, एक पंखा, एक टीवी, एक कूलर और एक फ्रिज है तो खपत 1000 वॉट के अंदर हो सकती है। बशर्ते सभी सामग्री कम ऊर्जा खपत के साथ चलने वाली हो। कंपनियों ने स्टार रेटिंग के आधार पर ऐसी सामग्री तैयार की है। पंखा, टीवी और फ्रिज फाइव स्टार होने पर खपत का 1000 वॉट यानी एक किलोवॉट होना तय है।
हर महीने पकड़ में आ रहे 2000 उपभोक्ता
निगम के अधिकारी की मानें तो अब लोगों के घरों में हर कमरे में एसी लगा होती है। ऐसे में लोड बढ़ता तय है। विभाग द्वारा मामला सामने आने पर कार्रवाई करते हुए डिमांड पेनल्टी लगाई जाती है। बताया कि हर महीने ऐसे 2000 से ज्यादा मामले सामने आते हैं।
ट्रांसफॉर्मर रहेंगे सेफ
बिजली विभाग के अधिकारियों की मानें तो अगर उपभोक्ता लोड न छिपाएं तो इसका फायदा उनके साथ महकमे को भी मिलेगा। जुर्माने से उपभोक्ताओं की जेब ढीली नहीं होगी, वहीं सही लोड का आंकलन होने से ट्रांसफॉर्मर भी नहीं फुकेंगे।
उपभोक्ताओं से अपील है कि लोड छिपाने से बेहतर है कि उपभोक्ता खुद अपना लोड बढ़वा लें। इससे उस पर जुर्माने का भार नहीं आएगा। लोड बढ़वाने के लिए उपभोक्ता को कहीं चक्कर लगाने की जरूरत नहीं है। वह ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से अपना लोड बढ़वा सकता है। -संजय गुप्ता, अधीक्षण अभियंता
उपभोक्ताओं की संख्या पर एक नजर
घरेलू उपभोक्ता-18 लाख 96 हजार, 825
औद्योगिक-17 हजार, 164
व्यवसायिक-एक लाख, 21 हजार, 330
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : जिले में फिर अलर्ट मोड पर कोविड अस्पताल, उपकरण सक्रिय किए गए
