बाजपुर: नव विवाहिता की मौत पर पति व अन्य ससुरालियों पर केस
बाजपुर, अमृत विचार। जहरीले पदार्थ का सेवन करने से एक विवाहिता की उपचार के दौरान मौत हो गई। उसके पति व ससुरालियों पर जहर खिलाकर मारने का आरोप लगाते हुए मृतका तान्या के परिजनों ने पति, सास, ससुर व जेठ के विरुद्ध कोतवाली में मामला पंजीकृत करवाया है। भगवानपुर रुद्रपुर निवासी जयप्रकाश मिश्रा पुत्र स्व. …
बाजपुर, अमृत विचार। जहरीले पदार्थ का सेवन करने से एक विवाहिता की उपचार के दौरान मौत हो गई। उसके पति व ससुरालियों पर जहर खिलाकर मारने का आरोप लगाते हुए मृतका तान्या के परिजनों ने पति, सास, ससुर व जेठ के विरुद्ध कोतवाली में मामला पंजीकृत करवाया है।
भगवानपुर रुद्रपुर निवासी जयप्रकाश मिश्रा पुत्र स्व. जर्नादन मिश्रा ने कोतवाली में तहरीर देकर कहा है कि उन्होंने अपनी बेटी तान्या मिश्रा का विवाह 28 नवंबर 2019 को रामराज नर्सिंग होम रोड वार्ड नंबर-12 बाजपुर निवासी राजीव तिवारी पुत्र कैलाश तिवारी के साथ किया था। उन्होंने अपनी जमीन बेचकर शादी में करीब 16 लाख रुपये खर्च किए थे जिसमें सात लाख रुपये नकद व 4 लाख रुपये के जेबरात दिए गए थे। आरोप है कि विवाह के बाद से ही उनकी बेटी को ससुरालियों द्वारा प्रताड़िता किया जाने लगा तथा दहेज में 10 लाख रुपये व एक कार की भी मांग करने लगे।
शादी के करीब छह माह बाद पुत्री को इन लोगों ने मारपीट कर घर से निकाल दिया और तान्या करीब डेढ़ वर्ष तक अपने मायके में रही, लेकिन ससुरालियों ने उसकी कोई खोज-खबर नहीं ली जिसके चलते उन्होंने स्वयं अपनी पुत्री को उसकी ससुराल इसलिए भेज दिया कि उसका घर न बिगड़े। आरोपियों ने यह आश्वासन भी दिया था कि अब से मारपीट नहीं करेंगे। आरोप है कि 19 अप्रैल 2022 को इन लोगों ने तान्या के साथ बेरहमी से मारपीट की और उसे जहर खिला दिया।
20 अप्रैल को फोन करके बताया कि आपकी पुत्री ने जहर खा लिया है और हम लोग उसे लेकर मुरादाबाद के अस्पताल में हैं। हम लोग जब मुरादाबाद हॉस्पिटल पहुंचे तो तान्या अंतिम सांसे ले रही थी और पुत्री ने सिर्फ इतना बताया कि मुझसे दहेज की मांग कर रहे थे तथा मारपीट कर जलाने की कोशिश भी की गई और उसे जहर दे दिया है। आरोप है कि इन लोगों द्वारा सोची समझी साजिश के तहत दहेज की खातिर उनकी पुत्री की हत्या की गई है। वहीं पुलिस ने तहरीर के आधार पर नामजद पति राजीव तिवारी के साथ ही सास दुर्गावती, ससुर कैलाश तिवारी, जेठ संजीव तिवारी आदि के खिलाफ धारा 304बी, 3/4 दहेज अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
