शाहजहांपुर: जमीन पर कब्जे से परेशान युवक पेट्रोल लेकर कलक्ट्रेट पहुंचा
शाहजहांपुर, अमृत विचार। जमीन पर कब्जा और दबंगों से परेशान युवक सोमवार को पेट्रोल की बोतल लेकर न सिर्फ कलक्ट्रेट पहुंच गया, बल्कि इंसाफ न मिलने पर डीएम दफ्तर के सामने पेट्रोल छिड़ककर जान देने की चेतावनी दी। इससे प्रशासन और पुलिस में हड़कंप मच गया। मौके पर थाना सदर बाजार पुलिस आ गई और …
शाहजहांपुर, अमृत विचार। जमीन पर कब्जा और दबंगों से परेशान युवक सोमवार को पेट्रोल की बोतल लेकर न सिर्फ कलक्ट्रेट पहुंच गया, बल्कि इंसाफ न मिलने पर डीएम दफ्तर के सामने पेट्रोल छिड़ककर जान देने की चेतावनी दी। इससे प्रशासन और पुलिस में हड़कंप मच गया। मौके पर थाना सदर बाजार पुलिस आ गई और एडीएम व सिटी मजिस्ट्रेट ने युवक से समस्या पूछी। इस पर युवक ने डीएम पर कार्यालय से भगाने व एसपी पर सुनवाई न करने का आरोप लगाया।
एडीएम प्रशासन रामसेवक द्विवेदी, सिटी मजिस्ट्रेट देवेंद्र प्रताप सिंह ने थाना कलान के मकरंदपुर निवासी जितेन्द्र की समस्या को सुना। युवक ने एडीएम को एसपी के नाम दिए प्रार्थना पत्र में कहा है कि गत 18 मार्च को वह किसी कार्य से जलालाबाद गया था और वहां से वह पैदल घर की ओर लौट रहा था। पैंटून पुल के पास रामपुर ढका डांडी के कुछ लोगों ने घेरकर उसके साथ गाली गलौज की और इसका विरोध करने पर पीटकर सिर फोड़ दिया।
उसे मरा समझकर भाग गये। दो दिन बाद थाने में लिखित तहरीर देने के बाद भी उसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। जितेंद्र ने बताया कि हमलावरों ने फर्जी वसीयत करा ली, जिसमें उसकी मां का भांजा बताकर पिता के नाम दर्ज कृषि भूमि अपने नाम करा ली और अब उसकी हत्या करने पर अमादा हैं।
उसका कहना है कि चार बार एसपी से मिलकर समस्या बताने के बाद भी कोई कार्यवाई नहीं हुई। इससे आत्महत्या करने के अलावा उसके पास कोई रास्ता नहीं बचा है। इस पर एडीएम प्रशासन ने कहा कि समस्या का समाधान करा दिया जाएगा। युवक को सुरक्षा की दृष्टि से थाना सदर बाजार पुलिस अपने साथ लेकर चली गई। जहां बाद में उसे निजी मुचलके पर छोड़ दिया गया।
एसपी को मामले की जानकारी दे दी गई है। युवक को रिपोर्ट दर्ज कराकर न्याय दिलवाया जाएगा। सीओ को मामले की जांच को कह दिया गया।—रामसेवक द्विवेदी, एडीएम-प्रशासन
इसे भी पढ़ें- शाहजहांपुर: पूर्व विधायक के अवैध निर्माण पर चला था बुलडोजर, अब सपा लड़ेगी रोशन लाल वर्मा की लड़ाई
