खटीमा में झनकट बैंक लूटकांड का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार
खटीमा,अमृत विचार। कोतवाली पुलिस ने बीस दिन पहले हुए बैंक आफ बड़ौदा की शाखा झनकट में हुए लूटकांड का खुलासा कर दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें दो आरोपी राजस्थान व एक आरोपी खटीमा के गांगी गिधौर का है। एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने कोतवाली पहुंचकर सोमवार को मामले का खुलासा किया। मामले में …
खटीमा,अमृत विचार। कोतवाली पुलिस ने बीस दिन पहले हुए बैंक आफ बड़ौदा की शाखा झनकट में हुए लूटकांड का खुलासा कर दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें दो आरोपी राजस्थान व एक आरोपी खटीमा के गांगी गिधौर का है।

एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने कोतवाली पहुंचकर सोमवार को मामले का खुलासा किया। मामले में एक आरोपी अभी भी फरार चल रहा है। बताया कि पुलिस ने लूट के 1.80 लाख रुपये व वारदात में प्रयुक्त बाइक को बरामद कर लिया है। डीआईजी ने पुलिस टीम को 25 हजार व एसएसपी ने 20 हजार रुपये के पुरस्कार की घोषणा की है।
बता दें कि 6 अप्रैल को दिनदहाड़े बदमाशों ने बैंक आफ बड़ौदा की शाखा झनकट में तमंचे व चाकू के बल पर 4.42 लाख रुपये की लूट की थी। लूट के बाद एसएसपी व सीओ ने घटनास्थल का निरीक्षण कर एसओजी व पुलिस की दस टीमों का गठन किया था। पुलिस की टीमों ने बीस दिनों की ताबड़तोड़ दबिशों के बाद सोमवार को लूटकांड का खुलासा किया।
एसएसपी ने बताया कि 100 किमी के दायरे में पांच सौ सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच व सर्विलांस की मदद से आरोपी राजस्थान के जिला झंझनु के वार्ड संख्या 4, खोह निवासी ललित मानवेंद्र सिंह, खोह निवासी नरेंद्र कुमार और बरेली के वृदावन इन्कलेव चेतना कालोनी नियर मिल्क डेयरी व मूल निवासी खटीमा के ग्राम गांगी गिधौर निवासी पशुपति का नाम सामने आया।
पुलिस टीम ने इनमें आरोपी नरेंद्र कुमार व पशुपति नाथ को 24 अप्रैल को ग्राम गांगी के पास कामन नदी पुल से गिरफ्तार किया। उनसे पूछताछ में यह बात सामने आई कि पशुपति नाथ धारा 420 आईपीसी के मामले में राजस्थान के जिला कारागार झुंझनु में बंद था। वहीं पर ललित मानवेंद्र सिंह भी एक बैंक लूट की वारदात में बंद था। इन दोनों की वहीं पर मुलाकात व दोस्ती हुई। जेल से बाहर आने के बाद दोनों में संपर्क होने लगा और खटीमा में बैंक लूट की योजना बनाई। घटना से पहले पशुपति नाथ ने ही नरेंद्र कुमार व ललित को स्थानीय रास्ते व क्षेत्र के बारे में जानकारी दी।
वारदात में पशुपतिनाथ की बाइक का प्रयोग किया गया। मामले में तीसरा आरोपी ललित मानवेंद्र सिंह फरार है। पुलिस ने आरोपियों से लूट की रकम में से 1.70 लाख रुपये बरामद किए हैं। 50 हजार रुपये नरेंद्र कुमार और 20 हजार रुपये पशुपति नाथ ने खर्च कर दिए हैं। शेष पैसे ललित मानवेंद्र सिंह के पास हैं। आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे भी बरामद हुए हैं।
