वाराणसी एयरपोर्ट पर 48 लाख का सोना बरामद, दो गिरफ्तार
लखनऊ। लालबहादुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट पर रविवार देरशाम कस्टम ने दो यात्रियों के पास से 48 लाख 11 हजार रुपये कीमत का सोना पकड़ा। एयर इंडिया एक्सप्रेस के विमान संख्या एआईएक्स 184 से शारजाह से वाराणसी पहुंचे दोनों यात्रियों ने जूते में सोना छिपा रखा था। कस्टम ने सोना जब्त कर लिया है और दोनों …
लखनऊ। लालबहादुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट पर रविवार देरशाम कस्टम ने दो यात्रियों के पास से 48 लाख 11 हजार रुपये कीमत का सोना पकड़ा। एयर इंडिया एक्सप्रेस के विमान संख्या एआईएक्स 184 से शारजाह से वाराणसी पहुंचे दोनों यात्रियों ने जूते में सोना छिपा रखा था। कस्टम ने सोना जब्त कर लिया है और दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।
रविवार देर शाम शारजाह से आए विमान यात्रियों के बैग की रुटीन जांच के दौरान कस्टम अधिकारियों को दो यात्रियों के हावभाव पर संदेह हुआ। जब अधिकारियों ने दोनों यात्रियों को एयरपोर्ट पर रोका तो उन्होंने विरोध जताया। एक्सरे मशीन से जांच में एक यात्री के पास धातु के होने की पुष्टि हुई। बिहार के गोपालगंज जिले के कटयां थाना क्षेत्र के भटपुईया गांव निवासी कृष्ण कुमार ने अपने जूते में सोना रखकर उसे सिलवा दिया था।
कस्टम अधिकारियों ने जब जूते से सोल को अलग किया तो भेद खुल गया। बरामद सोने का वजन 395.400 ग्राम था। जिसकी कीमत लगभग 21 लाख 35 हजार रुपए आंकी गई। वहीं दूसरा यात्री कुशीनगर के तरया हसराजपुर कोदरा निवासी हरेंद्र प्रसाद था। इस यात्री ने भी जूते में सिलवाकर सोने को छिपाया था।
दूसरे यात्री के पास से बरामद सोना 495.600 ग्राम था। इसकी अनुमानित कीमत लगभग 26 लाख 76 हजार रुपये बताई गई। कस्टम विभाग में सहायक आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि सीमा शुल्क अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। दोनों आरोपियों को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष प्रस्तुत किया गया था। न्यायालय के आदेश पर दोनों विमान यात्रियों को जेल भेज दिया गया है।
यह भी पढ़ें:-लखनऊ एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग की बड़ी कार्रवाई, करोड़ों का सोना बरामद
