मध्यप्रदेश: खरगोन में 7 लोग गिरफ्तार, 6 अवैध कारखानों से 17 पिस्तौलें जब्त

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

खरगोन। मध्यप्रदेश के खरगोन जिला मुख्यालय पर रामनवमी जुलूस पर पथराव के उपरांत फैली हिंसा के दौरान पुलिस अधीक्षक पर गोली मारने वाले आरोपी को पिस्तौल बेचने के आरोपी समेत 7 लोगों को गिरफ्तार कर उनके 6 कारखानों से 17 पिस्तौलें जब्त की गई है। खरगोन पदस्थ आईपीएस अधिकारी अंकित जायसवाल ने आज शाम पत्रकारों को …

खरगोन। मध्यप्रदेश के खरगोन जिला मुख्यालय पर रामनवमी जुलूस पर पथराव के उपरांत फैली हिंसा के दौरान पुलिस अधीक्षक पर गोली मारने वाले आरोपी को पिस्तौल बेचने के आरोपी समेत 7 लोगों को गिरफ्तार कर उनके 6 कारखानों से 17 पिस्तौलें जब्त की गई है। खरगोन पदस्थ आईपीएस अधिकारी अंकित जायसवाल ने आज शाम पत्रकारों को बताया कि मुखबिर तथा अन्य सूत्रों से जानकारी मिलने पर 70 सदस्यों की चार टीमों ने बीती रात गोगावा थाना क्षेत्र के अवैध हथियारों के लिए कुख्यात सिगनूर में दबिश दी थी।

उन्होंने बताया कि रामनवमी के अवसर पर खरगोन दंगों के दौरान जिला मुख्यालय के अन्य क्षेत्रों के साथ संजय नगर में हिंसा को नियंत्रित करने गए पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ चौधरी को मोहसीन उर्फ वसीम ने गोली मारकर घायल कर दिया था। उसे पिस्तौल सप्लाई करने वाले सिकलीगर तूफान सिंह समेत केहर सिंह, सतवन सिंह ,जयमाल सिंह, लखबीर सिंह,जीवन सिंह और सोनू को गिरफ्तार किया गया।

उन्होंने बताया कि इनकी निशानदेही पर अवैध हथियार बनाने की 6 फैक्ट्रियों का पता चला, जहां से 17 पिस्तौल, मैगजीन, कई अर्धनिर्मित पिस्तौलें और भारी मात्रा में बनाने के उपकरण और सामग्री मिली है। पुलिस बल के साथ गए बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वायड( बी डी डी एस) ने मेटल डिटेक्टर की सहायता से जमीन में गाड़े गए हथियार निकालकर जब्त किए। पूछताछ के दौरान तूफान सिंह ने बताया कि उसने मोहसिन उर्फ वसीम को पहले भी हथियार सप्लाई किए हैं।

जब उसे बताया गया कि मोहसिन ने उसके हथियार का उपयोग पुलिस अधीक्षक पर गोली मारने के लिए किया है, तो उसने कहा कि देश के कई राज्यों में उसके हथियार सप्लाई होते हैं। इन हथियारों का कहां उपयोग होता है, उसे जानकारी नहीं रहती। उन्होंने बताया कि तूफान सिंह के विरुद्ध इंदौर के संयोगितागंज में एक, खरगोन जिले के गोगावां में दो तथा कोतवाली खरगोन में 3 प्रकरण पूर्व से दर्ज है। उन्होंने कहा कि न्यायालय के समक्ष पेश कर आरोपियों का पुलिस रिमांड प्राप्त किया जा रहा है।

ये भी पढ़ें- Indian Railway का बड़ा ऐलान, मुंबई में 50 फीसदी लगेगा AC लोकल ट्रेन का किराया

संबंधित समाचार