बाढ़ प्रभावित गांवों में जर्जर मकानों को चिह्नित करें : डीएम
संभल,अमृत विचार। संभावित बाढ़ से निपटने के लिए प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। जिलाधिकारी मनीष बंसल ने शनिवार को संबंधित स्टीयरिंग कमेटी के साथ तैयारियों को लेकर बैठक की और आवश्यक दिशा निर्देश दिए। डीएम की अध्यक्षता में बहजोई कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में सिंचाई विभाग के एक्सईएन ने जनपद के बाढ़ …
संभल,अमृत विचार। संभावित बाढ़ से निपटने के लिए प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। जिलाधिकारी मनीष बंसल ने शनिवार को संबंधित स्टीयरिंग कमेटी के साथ तैयारियों को लेकर बैठक की और आवश्यक दिशा निर्देश दिए। डीएम की अध्यक्षता में बहजोई कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में सिंचाई विभाग के एक्सईएन ने जनपद के बाढ़ प्रभावित क्षेत्र के बारे में विस्तार से अवगत कराया।
उन्होंने बताया कि जनपद में गंगा नदी के बाएं तट पर ईसापुर एवं नगला अजमेरी दो तटबंध बने हैं। जब भी कभी बाढ़ आती है तो नगला अजमेरी तटबंध के 6 गांव रघुपुर पुख्ता, भावरु की मढ़ैया, सौंधे की मढै़या, मेंगरा, तोतापुर बझांगी, सोन सिवारक गांव ज्यादा प्रभावित होते हैं। गुन्नौर एसडीएम रामकेश धामा ने बताया कि संभावित बाढ़ की तैयारियों को लेकर छह बाढ़ चौकियां बनवा दी गई हैं। डीएम ने निर्देशित करते हुए कहा कि तटबंध के पास ऐसे गांव जो बाढ़ से ज्यादा प्रभावित होते हैं, उनको मौके पर जाकर देख लें कि उन गांव में कोई जर्जर मकान तो नहीं है। वहीं विद्युत व्यवस्था के लिए जनरेटर की व्यवस्था रखने के निर्देश दिए गए।
एसडीएम को निर्देशित करते हुए कहा कि जनरेटर की व्यवस्था रखने वाले मालिकों का नाम एवं पता चिन्हित कर लें। आवश्यकता पड़ने पर तत्काल व्यवस्था सुनिश्चित हो सके और किसी भी तरह की कोई दिक्कत न आए। उन्होंने सभी अधिकारियों को संभावित बाढ़ से निपटने को लेकर तैयार रहने के निर्देश दिए हैं। इस दौरान अपर जिला अधिकारी कमलेश कुमार अवस्थी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी पीके विश्नोई, गुन्नौर एसडीएम रामकेश धामा, सिंचाई विभाग के एक्सईएन, जिला सूचना अधिकारी बृजेश कुमार, जिला आपूर्ति अधिकारी नरेंद्र तिवारी सहित सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
ये भी पढ़ें : संभल : मुरादाबाद जेल में युवक की मौत के बाद परिजनों ने किया हंगामा
