काशीपुर: बजट के अभाव में जिले की सात हजार छात्राएं धनराशि से वंचित

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अरुण कुमार, अमृत विचार, काशीपुर। बजट के अभाव में जिले की सात हजार से अधिक 12वीं पास छात्राएं नंदा गौरा कन्या धन योजना के तहत मिलने वाली धनराशि के लिए भटकने को मजबूर हैं। अधिकारी शीघ्र ही बजट आने की बात कर दिलासा देने में लगे हैं। वर्ष 2017 में उत्तराखंड सरकार की ओर से …

अरुण कुमार, अमृत विचार, काशीपुर। बजट के अभाव में जिले की सात हजार से अधिक 12वीं पास छात्राएं नंदा गौरा कन्या धन योजना के तहत मिलने वाली धनराशि के लिए भटकने को मजबूर हैं। अधिकारी शीघ्र ही बजट आने की बात कर दिलासा देने में लगे हैं।

वर्ष 2017 में उत्तराखंड सरकार की ओर से अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति एवं गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाली लड़कियों की मदद के लिए नंदा गौरा कन्या धन योजना शुरू की गई है।

जिसका उद्देश्य प्रदेश की बालिकाओं को आर्थिक सहायता प्रदान कर सशक्त बनाना है। योजना के तहत 12वीं पास छात्राओं को 51 हजार रुपये दिए जाते हैं। इसका उपयोग उनके विवाह के लिए किया जा सकता है। वर्ष 2021-22 काशीपुर ब्लॉक कार्यालय में 463 छात्राओं ने आवेदन किया है। बजट के अभाव में छात्राओं को योजना का लाभ नहीं मिल सका।

छात्राएं बार-बार कार्यालय के चक्कर लगाने को मजबूर हैं। इसके अलावा वर्ष 2020-21 में 343 छात्राओं ने आवेदन किया था। जिनमें से 266 छात्राओं को योजना का लाभ मिल चुका हैं, लेकिन किन्हीं कारणों के चलते 75 छात्राएं योजना से वंचित रह गई हैं। साथ ही पांच वर्ष पूर्व की 88 छात्राओं को अभी तक भी धनराशि मुहैया नहीं हो सकी।

बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) विमल बाराकोटी ने बताया कि योजना के तहत 12वीं पास एससी/एसटी व निर्धन छात्राओं को 51 हजार रुपये दिया जाता है। इस वर्ष 463 छात्राओं के आवेदन ऑनलाइन भरवाकर भेज दिए गए हैं। छात्राएं खाते में धनराशि आने के बारे में कार्यालय पूछने आ रही हैं।

यह दस्तावेज करने होते हैं पूर्ण
काशीपुर। सीडीपीओ विमल बाराकोटी ने बताया कि नंदा गौरा कन्या धन योजना का लाभ उठाने के लिए छात्रा को 12वीं पास होना चाहिए। इसके लिए 72 हजार रुपये वार्षिक आय, अविवाहित, स्थायी निवास प्रमाण पत्र, जन्म प्रमाण पत्र, शैक्षिक प्रमाण पत्र, टीसी, प्रधानाचार्य व ग्राम प्रधान का लिखा हुआ होना आदि दस्तावेज पूर्ण करने होते हैं।

वर्ष 2021-22 नंदा गौरा कन्या धन योजना के तहत जिले में 7492 छात्राओं ने आवेदन किया है। हार्ड व सॉफ्ट कॉपी निदेशालय को भेज दी गई है। बजट आवंटित होने पर वहां से ही छात्राओं के खाते में डीबीटी के माध्यम से धनराशि शीघ्र भेज दी जाएगी है। बजट मिलने पर इससे पूर्व की छात्राओं को भी योजना का लाभ मिलेगा।

उदय प्रताप सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास ऊधमसिंह नगर

संबंधित समाचार