हल्द्वानी: ईद को खुशनुमा बनाने के लिए सज गए बाजार, उमड़े खरीदार… देखें VIDEO
हल्द्वानी, अमृत विचार। ईद को लेकर हल्द्वानी के बाजार सज गए हैं। कारोबारियों के साथ-साथ रोजेदार भी ईद को खुशनुमा बनाने में जुट गए हैं। बाजार में रंग-बिरंगी सेवईयों, खजला, खजूर, मेवे, कपड़े और श्रृंगार के सामान की खरीदारी में दिन भर दुकानों पर भीड़ उमड़ रही है। दुकानदारों के अनुसार सबसे ज्यादा बिक्री बनारसी …
हल्द्वानी, अमृत विचार। ईद को लेकर हल्द्वानी के बाजार सज गए हैं। कारोबारियों के साथ-साथ रोजेदार भी ईद को खुशनुमा बनाने में जुट गए हैं। बाजार में रंग-बिरंगी सेवईयों, खजला, खजूर, मेवे, कपड़े और श्रृंगार के सामान की खरीदारी में दिन भर दुकानों पर भीड़ उमड़ रही है।

दुकानदारों के अनुसार सबसे ज्यादा बिक्री बनारसी किमामी, दूध फेनी व छत्ता वाली सेवईं की हो रही है। महिलाएं सबसे ज्यादा बनारसी किमामी, दूध फेनी व छत्ता वाली सेवईं ही पसंद कर रही हैं। वैश्विक महामारी कोविड-19 के चलते दो साल तक ईद का त्योहार मुस्लिम समाज के लोगों ने घरों में ही मनाया था। इस बार सामान्य स्थिति होने पर लोग धूमधाम से ईद का त्योहार मनाएंगे।
देखें वीडियो: ईद को खुशनुमा बनाने के लिए सज गए बाजार, उमड़े खरीदार
हल्द्वानी के बनभूलपुरा, इंद्रानगर और लाइन नंबर एक से आठ तक बाजार में इन दिनों ईद की ही रौनक है। यहां कपडे़ से लेकर खाने पीने के सामान से बाजार भी सजे हुए हैं। यहां विभिन्न राज्यों के चिकन के कुर्ते, इंडोनेशिया टोपी, मखमली टोपी, बंगला टोपी, पल्लेवाली टोपी, गांधी टोपी, जिरवी टोपी, फाम टोपी, चिकन टोपी भी मौजूद है। बाजार में खरीदारी करने पहुंचे रोजेदारों को रंग-बिरंगी सेवई आकर्षित कर रही हैं।
सेवई, कपड़ा, टोपी, कुर्ता-पैजामा समेत विभिन्न प्रकार की दुकानों पर दिन भर खरीदारी के लिए रोजेदारों की भीड़ उमड़ रही है। ईद के दिन मेहमाननवाजी में कहीं कोई कमी न रह जाए इसका भी पूरा ख्याल रखा जा रहा है। यही कारण है कि घरों को सजाने-संवारने के लिए पर्दे व क्राकरी के बर्तन समेत अन्य सामान की खरीदारी भी खूब हो रही है। इधर, ईद को लेकर नए कपड़े, जूते, चूड़ियां, शृंगार के सामान से लेकर जरूरत के सभी प्रकार के सामान की खूब खरीदारी हो रही है। बच्चों के लिए शेरवानी, कुर्ता, पायजामा व टोपी खरीदी जा रही है तो वहीं युवा ईद की नमाज के लिए स्टाईलिश रंग-बिरंगे कुर्ते खरीद रहे हैं।
बाजार में कपड़े, आर्टिफिशियल ज्वेलरी, ड्राई फ्रूट आदि दुकानों पर खूब भीड़ दिख रही है। गर्मी से बचने के लिए रोजेदार शाम में अधिक बाजार पहुंच रहे हैं। कुल मिलाकर इन दिनों बाजार में ईद की रौनक साफ देखने को मिल रही है। माना जा रहा है कि सोमवार को चांद का दीदार होगा और मंगलवार को देशभर में धूमधाम से ईद का त्योहार मनाया जाएगा।
