किच्छा: बाइक सवार पर गिरा सूखा पेड़, मौत
किच्छा, अमृत विचार। गेहूं के खेत में नरई जलाने के लिए लगायी गयी आग की चपेट में आए सूखे पेड़ के गिरने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। जबकि युवक का चाचा गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई …
किच्छा, अमृत विचार। गेहूं के खेत में नरई जलाने के लिए लगायी गयी आग की चपेट में आए सूखे पेड़ के गिरने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। जबकि युवक का चाचा गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी। घटना में गंभीर रूप से घायल हुए व्यक्ति का जिला मुख्यालय के निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। ईद के एक दिन पहले युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया है।
उत्तराखंड-उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्र बरेली जनपद के ग्राम लहसोई, थाना बहेड़ी निवासी मोहम्मद उवेस (29) अपने चाचा मोहम्मद रफीक के साथ दवा लेने के लिए मोटर साइकिल से रुद्रपुर जा रहे थे। इसी दौरान लालपुर-खमरिया मार्ग पर खेत में गेहूं की नरई जलाने के लिए किसान द्वारा लगाई गई आग की चपेट में आकर सड़क किनारे खड़ा सूखा पेड़ अचानक सड़क पर गिर गया।
इससे चाचा भतीजे की बाइक पेड़ की चपेट में आ गई। बाइक चला रहे उवेस का सिर फट गया जबकि मृतक का चाचा रफीक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई और मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस में स्थानीय लोगों की मदद से घायल रफीक को निजी अस्पताल में भर्ती करवाया। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम नहीं कराने की जिद को लेकर हंगामा किया। मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को समझाते हुए बमुश्किल शांत कराया। इधर घटना में घायल रफीक का निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।
ईद की खुशियां मातम में बदलीं
किच्छा। सड़क किनारे लगे सूखे पेड़ के अचानक सड़क पर गिरने से चपेट में आने बाइक सवार मोहम्मद उवेस की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया है। परिजनों के अनुसार ईद पर्व को लेकर सभी तैयारी में जुटे हुए थे। उधर, उवेस के सिर पर अचानक भारी भरकम पेड़ गिरने से हेलमेट तक चकनाचूर हो गया। खेत में नरई जलाने के लिए आग लगाने वाले किसान की लापरवाही का खामियाजा युवक को अपनी जान देकर चुकाना पड़ा। पर्व से एक दिन पहले युवक की मौत से परिजन सदमे में हैं।
