हल्द्वानी: शिक्षक और अभिभावक जुडेंगे “Whatsapp” से
हल्द्वानी, अमृत विचार। विद्यार्थियों में पढ़ाई और अनुशासन में सुधार के लिए एमबीपीजी कॉलेज प्रशासन अभिभावकों की भागीदारी को बढ़ाने में जुटा है। अब शिक्षक और अभिभावकों को जोड़ने के लिए कॉलेज प्रशासन ने एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाने की योजना बनाई है। इसमें हर विभाग के शिक्षक और अभिभावकों को जोड़ा जाएगा। कॉलेज की नीतियों …
हल्द्वानी, अमृत विचार। विद्यार्थियों में पढ़ाई और अनुशासन में सुधार के लिए एमबीपीजी कॉलेज प्रशासन अभिभावकों की भागीदारी को बढ़ाने में जुटा है। अब शिक्षक और अभिभावकों को जोड़ने के लिए कॉलेज प्रशासन ने एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाने की योजना बनाई है। इसमें हर विभाग के शिक्षक और अभिभावकों को जोड़ा जाएगा। कॉलेज की नीतियों से लेकर कार्यक्रम और विद्यार्थियों से जुड़ीं समस्याओं को शेयर किया जा सकेगा।
नैक (राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद) की टीम द्वारा कॉलेज विजिट किया गया था, तो उसमें भी अभिभावक-शिक्षक सामंजस्य को लेकर काफी कमियां सामने आईं थीं। उन कमियों को सुधारने के लिए इन दिनों कॉलेज प्रशासन जोर शोर से जुटा है। नैक इंचार्ज डॉ. सीएस नेगी ने बताया कि हर विभाग स्तर पर पीटीए (अभिभावक-शिक्षक संघ) की बैठक करवा रहे हैं।
इन कार्यक्रमों के अलावा भी अभिभावकों का कॉलेज की गतिविधियों में जुड़ाव और बढ़ाने के लिए व्हाट्सएप ग्रुप बनाने की योजना बनाई है। अभी तक 100 अभिभावक संघ में शामिल हो चुके हैं। सभी परास्नातक के विद्यार्थियों के अभिभावक हैं। इसके बाद स्नातक के विद्यार्थियों के भी अभिभावकों को भी जोड़ा जाना है। व्हाट्सएप ग्रुप में विद्यार्थियों से जुड़ी समस्या, सुझाव व जानकारियां अभिभावक प्राप्त कर सकेंगे। इसके साथ ही कॉलेज के कार्यक्रम और पढ़ाई संबंधित योजनाओं की भी जानकारी उन्हें इस ग्रुप के माध्यम से आसानी से होती रहेगी।
