रायबरेली: सर्राफा व्यवसायी की हत्या कर आरोपी ने शव झाड़ी में फेंका, दो दिन से परिजन कर रहे थे तलाश
रायबरेली। महराजगंज कोतवाली क्षेत्र के याकूब गंज मजरे सोथी गांव निवासी लापता सर्राफा व्यवसाई राम नरेश यादव की हत्या करके उसके शव को झाड़ियों में फेंका गया था। मंगलवार की शाम को पुलिस ने शव क्षत-विक्षत अवस्था में बरामद किया है। सर्राफा व्यवसाई के परिजनों ने दो दिन पहले कोतवाली में लापता की सूचना दी …
रायबरेली। महराजगंज कोतवाली क्षेत्र के याकूब गंज मजरे सोथी गांव निवासी लापता सर्राफा व्यवसाई राम नरेश यादव की हत्या करके उसके शव को झाड़ियों में फेंका गया था। मंगलवार की शाम को पुलिस ने शव क्षत-विक्षत अवस्था में बरामद किया है।
सर्राफा व्यवसाई के परिजनों ने दो दिन पहले कोतवाली में लापता की सूचना दी थी। मंगलवार को कोतवाली क्षेत्र के गांव गढ़ी मजरे अतरेहटा में शव पाए जाने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना पर कोतवाल जितेंद्र प्रताप सिंह फोर्स समेत मौके पर पहुंच शव को कब्जे में लिया है।
सर्राफा व्यवसाई की हत्या बड़ी ही क्रूरता के साथ की गई है। इसका अंदाजा शव पर मिले चोटों के निशान से जाहिर हो रहा है। मृतक के चेहरे को ईट पत्थरों से बुरी तरह कुचल कर हत्या की गई है।
बताया जाता है कि याकूबगंज का रहने वाला राम नरेश यादव (50) महराजगंज कस्बे में सर्राफा व्यवसाय का काम करता था। उसके लड़के मुकेश कुमार यादव ने विगत 2 मई को पुलिस को एक तहरीर देकर बताया था कि, उनका पिता राम नरेश यादव 1 मई की रात 9:00 बजे घर से खाना खाने के बाद महराजगंज स्थित अपने मकान में सोने जाने की बात कह कर निकला, फिर उसका अता पता नहीं चला।
मंगलवार को गढ़ी गांव के सीमा में मंडी उप स्थल के पीछे एक प्राथमिक विद्यालय के पास झाड़ियों में एक शव देखकर जानवर चराने गए लोग चिल्लाए। सूचना पुलिस तक पहुंची। पुलिस मौके पर पहुंची। इसके अलावा परिवारी जन भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने शव की शिनाख्त राम नरेश यादव के रूप में की है।
शव को देखने के बाद लगता है कि, ईंट और पत्थरों से बुरी तरह कुचल कर रामनरेश की हत्या की गई। उसका पूरा चेहरा इस कदर क्षत-विक्षप्त हो गया था कि, चेहरे से पहचान करना मुश्किल सा लग रहा था। परिजनों ने कपड़ों और शरीर पर पहने अन्य सामानों से उसकी शिनाख्त कर ली है।
फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पुलिस पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की पड़ताल में जुट गई है। कोतवाल जितेंद्र सिंह ने बताया कि मामले में अज्ञात के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज किया गया है।
पढ़ें- अयोध्या: बाइक सवार बदमाशों ने फायरिंग कर सर्राफा कारोबारी को लूटने का किया प्रयास, जानें पूरा मामला…
