किच्छा: पत्नी से विवाद के बाद लाइनमैन की मौत, फांसी के फंदे से लटकता मिला शव
किच्छा, अमृत विचार। पत्नी से विवाद होने के बाद विद्युत विभाग में कार्यरत लाइनमैन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। लाइनमैन का शव उसके कमरे में फांसी के फंदे से लटकता मिला। घटना की सूचना पर पहुंचे मृतक के परिजनों ने पुलभट्टा थाने में पहुंचकर हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने लाइनमैन के …
किच्छा, अमृत विचार। पत्नी से विवाद होने के बाद विद्युत विभाग में कार्यरत लाइनमैन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। लाइनमैन का शव उसके कमरे में फांसी के फंदे से लटकता मिला। घटना की सूचना पर पहुंचे मृतक के परिजनों ने पुलभट्टा थाने में पहुंचकर हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने लाइनमैन के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मूल रूप से ग्राम घनौरी, तहसील स्वार, जिला रामपुर (यूपी) निवासी 36 वर्षीय निर्मल पुत्र नंदराम पुलभट्टा थाना अंतर्गत बंगाली कॉलोनी, सिरौली कला में पिछले 15 वर्षों से परिवार के साथ रह रहा था। लालपुर स्थित विद्युत घर में स्वयं सहायता समूह के माध्यम से लाइनमैन के पद पर कार्यरत था। बताया जा रहा है कि निर्मल का अपनी पत्नी से विगत कई दिनों से विवाद चल रहा था।
बीते दिवस भी उसका पत्नी से विवाद हुआ था और देर रात को निर्मल का शव उसके कमरे में रस्सी के फंदे से लटकता मिला। घटना की जानकारी पर परिजनों में कोहराम मच गया और आनन-फानन में ससुराल पक्ष के लोग उसे उपचार के लिए रुद्रपुर के निजी अस्पताल ले गए। जहां चिकित्सकों ने गंभीर अवस्था में निर्मल को रेफर कर दिया।
सीएचसी किच्छा पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर पुलभट्टा थाना प्रभारी विद्या दत्त जोशी मौके पर पहुंचे। मामले की जानकारी मिलने पर मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने निर्मल की हत्या की आशंका जताते हुए कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
