हल्द्वानी: किशोर के शव संग भीड़ ने घेरी टीपीनगर चौकी, सीओ सिटी से झड़प

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। बुधवार दोपहर गैस पाइप लाइन के नीचे दब कर मरे किशोर के शव को लेकर परिजन टीपीनगर चौकी पहुंच गए। ठेकेदार की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े परिजनों ने चौकी में जमकर हंगामा काटा। लोगों की सीओ से नोकझोंक हो गई और महिलाओं ने चौकी घेरकर हंगामा शुरू कर दिया। मौके पर …

हल्द्वानी, अमृत विचार। बुधवार दोपहर गैस पाइप लाइन के नीचे दब कर मरे किशोर के शव को लेकर परिजन टीपीनगर चौकी पहुंच गए। ठेकेदार की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े परिजनों ने चौकी में जमकर हंगामा काटा। लोगों की सीओ से नोकझोंक हो गई और महिलाओं ने चौकी घेरकर हंगामा शुरू कर दिया। मौके पर पहुंची सिटी मजिस्ट्रेट के आश्वासन के बाद लोगों का गुस्सा शांत हुआ। जिसके बाद वह शव अंतिम संस्कार के लिए ले गए। इस मामले में अभी तक पुलिस को तहरीर नहीं सौंपी गई है।

जीतपुर नेगी रामपुर रोड निवासी उमेश कश्यप टीपीनगर में एक ट्रांसपोर्ट कंपनी में छोटा हाथी चलाते हैं। घर में पत्नी रामवती, बच्चे मनोज (14), नितिन, करन व ललिता हैं। बीते बुधवार की दोपहर मनोज अपने भाई नितिन व दोस्त रोहित और विमल के साथ रामपुर रोड पर पड़े एचपीसीएल कंपनी के गैस पाइप लाइन के पास खेल रहा था। तभी पाइप गिरा और मनोज की दबकर मौत हो गई।

इस मामले में गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर इलाकाई लोगों व तमाम ट्रांसपोर्टर्स के साथ टीपीनगर चौकी जा पहुंचे और हंगामा शुरू कर दिया। जानकारी पर कई सीओ सिटी भूपेंद्र सिंह धौनी, कोतवाल हरेंद्र चौधरी और कई चौकी प्रभारी मौके पर जा पहुंचे। लोग एचपीसीएल कंपनी के गैस पाइप लाइन बिछाने वाले ठेकेदार को मौके पर बुलाने और तुरंत गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। जिसके बाद सीओ ने उक्त ठेकेदार को कई फोन किए, लेकिन फोन नहीं उठा। जिसके बाद लोगों का पारा और गर्म हो गया। भीड़ में मौजूद तमाम महिलाओं ने चौकी घेर ली और चौकी से आने-जाने का रास्ता बंद कर दिया।

इस दौरान लोगों की सीओ से तीखी नोकझोंक हो गई। सीओ लोगों से तहरीर देने के लिए कह रहे थे, लेकिन लोगों ने यह कह दिया कि उन्हें पुलिस पर भरोसा नहीं। इसलिए मौके पर किसी प्रशासनिक अधिकारी को बुलाया जाए। जिसके बाद सिटी मजिस्ट्रेट ऋचा सिंह मौके पर पहुंची और उन्होंने लोगों को न्याय का भरोसा दिया। जिसके बाद लोगों का गुस्सा शांत हुआ और वह किशोर का शव अंतिम संस्कार के लिए ले गए। मृतक के पिता उमेश ने ठेकेदार के खिलाफ टीपीनगर चौकी में तहरीर दी है। सीओ सिटी भूपेंद्र सिंह धौनी का कहना है कि हमने पीड़ित परिवार को कार्रवाई का भरोसा दिया है। मामले में अभी तक तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

संबंधित समाचार