हल्द्वानी: 10.5 हेक्टेयर में बनेगा हल्द्वानी का सबसे आधुनिक पार्क
नरेन्द्र देव सिंह, हल्द्वानी, अमृत विचार। नगर निगम शहर में अत्याधुनिक पार्क बनाने की तैयारी कर रहा है। यह पार्क रामपुर रोड के पास बनेगा। यह पार्क अब तक हल्द्वानी में बनाया गया सबसे बड़ा पार्क होगा। जिसे करोड़ों की लागत से तैयार किया जाएगा। शहर में नए पार्क बनाने का काम जारी है। विगत …
नरेन्द्र देव सिंह, हल्द्वानी, अमृत विचार। नगर निगम शहर में अत्याधुनिक पार्क बनाने की तैयारी कर रहा है। यह पार्क रामपुर रोड के पास बनेगा। यह पार्क अब तक हल्द्वानी में बनाया गया सबसे बड़ा पार्क होगा। जिसे करोड़ों की लागत से तैयार किया जाएगा।
शहर में नए पार्क बनाने का काम जारी है। विगत दिनों हल्द्वानी में कई पार्कों में बच्चों के खेलने के लिए संसाधन लगाये गये हैं, जिससे बच्चों के खेलने के लिए अच्छा माहौल मिला। इन पार्कों की सफलता को देखते हुए अब नगर निगम शहर में सबसे बड़ा और सबसे अत्याधुनिक पार्क बनाने की तैयारी कर रहा है।
इस पार्क का निर्माण रामपुर रोड के पास अग्रसेन भवन के पीछे किया जाएगा। यह वन विभाग की जमीन है। जिसे नगर निगम को हस्तांतरित करने की तैयारी चल रही है। इस जमीन के बदले नगर निगम वन विभाग को कहीं और भूमि उपलब्ध कराएगा। यह पार्क 10.5 हेक्टेयर में बनाया जाएगा। जिसमें बच्चों के साथ ही बड़ों के मनोरंजन के भी साधन होंगे।
यहां ओपन जिम भी होगा। साथ ही सेंड पूल भी बनाया जाएगा। पार्क में कुछ हिस्सा बालूदार किया जाएगा, जिससे बच्चों के खेलने के लिए अतिरिक्त माहौल बन सके। यही नहीं पार्क का निर्माण जल्द हो सके। इसके लिए नगर निगम तेजी के साथ काम कर रहा है। पार्क को बनाने में करीब पांच करोड़ की लागत आने का अनुमान है।
रामलीला मैदान में बने पार्क में पड़े सामान का होगा इस्तेमाल
हल्द्वानी। रामलीला मैदान में बने पार्क में बच्चों के खेलने के लिए काफी झूले लगाए गए हैं। साथ ही यहां पर ओपन जिम का भी काफी सामान पड़ा हुआ है। इस सामान का इस्तेमाल भी नए पार्क में किया जाएगा। नए पार्क में हरियाली की भी पर्याप्त व्यवस्था की जाएगी।
नगर निगम शहर में नए पार्कों को बनाने की तैयारी कर रहा है। इसके तहत रामपुर रोड के पास अग्रसेन भवन के पीछे 10.5 हेक्टेयर में अत्याधुनिक पार्क बनाने की तैयारी चल रही है। इसमें सेंड पूल भी होगा।
– मेयर जोगेंद्र पाल सिंह रौतेला, हल्द्वानी
