अंबाला को अटल कैंसर केयर केंद्र की सौगात,सीएम मनोहर लाल,जेपी नड्डा ने किया उद्घाटन
चण्डीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने अंबाला छावनी में अटल कैंसर केयर केंद्र को आज जनता को समर्पित करते हुये कहा कि इसके बनने से पड़ोसी राज्यों को भी लाभ मिलेगा। सीएम खट्टर और भाजपा के अध्यक्ष जे पी नड्डा ने सोमवार को इसका उद्घाटन किया। इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज, …
चण्डीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने अंबाला छावनी में अटल कैंसर केयर केंद्र को आज जनता को समर्पित करते हुये कहा कि इसके बनने से पड़ोसी राज्यों को भी लाभ मिलेगा। सीएम खट्टर और भाजपा के अध्यक्ष जे पी नड्डा ने सोमवार को इसका उद्घाटन किया। इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज, सांसद रतन लाल कटारिया और अन्य मंत्री और अधिकारी उपस्थित थे।
सीएम खट्टर ने कहा कि गर्व की बात है कि स्वास्थ्य की दृष्टि से इतनी बड़ी सौगात राज्य को मिली है। इस अस्पताल में आधुनिक तकनीक से कैंसर मरीजों का इलाज होगा। केन्द्र सरकार के साथ-साथ हरियाणा सरकार ने लोगों के स्वास्थ्य के लिए बहुत बड़ा बीड़ा उठाया है। झज्जर के बाढ़सा में कैंसर का एम्स बना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में हर साल कैंसर के करीब 28 हजार मरीज आते हैं। अंबाला छावनी के सिविल अस्पताल में स्थापित किए गए ‘अटल कैंसर केयर केंद्र’ से हरियाणा ही नहीं पड़ोसी राज्यों जैसे पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड आदि के कैंसर रोगियों को भी सुलभ, सस्ती और व्यापक उपचार मिलने में सहायता मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस अत्याधुनिक केंद्र के साथ मरीजों के साथ आने वाले अटेंडेंट की सुविधा के लिए 100 लोगों की क्षमता का हॉस्टल भी बनाया जाएगा ताकि उन्हें किसी प्रकार की कोई परेशानी न हो सके।
इस अत्याधुनिक केंद्र में कैंसर के संपूर्ण इलाज के लिए दुनिया की नवीनतम तकनीक वाली केवल दो मशीनें पॉसिट्रॉन एमिशन टोमोग्राफी और सिंगल फोटॉन एमिशन टोमोग्राफी लगाई जानी है, जिनकी लागत 34 करोड़ रुपये है। उन्होंने स्टेेज थ्री और फोर के कैंसर मरीजों को सरकार की ओर से ढाई हजार रुपए प्रतिमाह पेंशन देने का एलान किया ।
थैलेसिमिया और हीमोफीलिया के मरीजों के लिए भी पेंशन की व्यवस्था की गई है। सरकार द्वारा एड्स के रोगियों को पहले से ही पेंशन दी जा रही है। कैंसर का इलाज आयुष्मान के अंतर्गत मुफ्त होगा, इसके तहत पांच लाख रुपये तक के इलाज का खर्च वहन होगा। जल्द ही अंबाला छावनी में बने‘अटल कैंसर केयर केंद्र’को आयुष्मान भारत योजना की लिस्ट में शामिल किया जाएगा।
सीएम खट्टर ने कहा कि रोगियों के इलाज के लिए बहुत कुछ कर रहे हैं। इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ स्पेशलाइज्ड डॉक्टर तैयार किए जा रहे हैं। प्रदेश के हर जिले में 2025 तक मेडिकल कॉलेज बनकर तैयार हो जाएंगे। सरकार ने एमबीबीएस की सीटें बढ़ाई हैं और भविष्य में भी इन सीटों को बढ़ाया जाएगा ताकि डॉक्टरों की कमी को पूरा किया जा सके।
जल्द ही प्रदेश में 1000 की जनसंख्या के ऊपर एक डॉक्टर के पैमाने को पूरा किया जाएगा। गरीब परिवारों के लिए कई योजनाएं लागू की गई हैं, उन्हें आत्मानिर्भर बनाए जाने के प्रयास किए जा रहे हैं। श्री नड्डा ने राज्य सरकार की प्रशंसा करते हुए कहा कि तकनीक के साथ मिलकर हरियाणा सरकार ने भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाया है और हरियाणा डिजिटलीकरण के मामले में देश के राज्यों के लिए एक मिसाल बना है।
उन्होंने कहा कि उत्तर भारत का बड़ा कैंसर केयर सेंटर अंबाला में बना, इसके लिए मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज बधाई के पात्र हैं। इसके बनने के बाद अब एक ही छत के नीचे कैंसर का इलाज संभव होगा।
अंबाला का ये सेंटर पीजीआई चंडीगढ़ के बाद उत्तर भारत में सबसे अत्याधुनिक है, जिससे आस पास के राज्यों को भी फायदा मिलेगा। इसके अलावा, हरियाणा के बाढ़सा में कैंसर अस्पताल बनाया गया है। कैंसर जल्दी स्टेज में पता चल जाए इसके लिए सरकार के प्रयास जारी है। मुख्यमंत्री ने जो योजनाएं लागू की, वे सराहनीय हैं। तकनीक के साथ मिलकर हरियाणा सरकार ने भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाया है।
यह भी पढ़ें-
दुपहिया वाहन और बारातियों से भरी बस में टक्कर, दो की मौत, नौ घायल
