हरदोई: ताबड़तोड़ चोरियों से दहशत में देवगनपुर के लोग, केस दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हरदोई। देवगनपुर गांव में दबे पांव दाखिल हुए चोरों ने एक के बाद एक कर तीन-तीन घरों को निशाना बनाते हुए वहां से माल-जेवर और लाखों की नगदी पार कर दी। ताबड़तोड़ हुई चोरियों से गांव में दहशत का माहौल है। पुलिस मामले दर्ज करते हुए चोरियों का खुलासा करने में जुट गई है। बताते …

हरदोई। देवगनपुर गांव में दबे पांव दाखिल हुए चोरों ने एक के बाद एक कर तीन-तीन घरों को निशाना बनाते हुए वहां से माल-जेवर और लाखों की नगदी पार कर दी। ताबड़तोड़ हुई चोरियों से गांव में दहशत का माहौल है। पुलिस मामले दर्ज करते हुए चोरियों का खुलासा करने में जुट गई है।

बताते है कि कछौना कोतवाली के देवगनपुर गांव में रविवार की देर रात दबे पांव दाखिल हुए चोरों ने गांव के विनोद के मकान में बाथरूम के दरवाजे को तोड़कर एक कमरे में रखे बक्सों मे रखे सोने व चांदी के कीमती जेवर और पांच हजार की नगदी पर हाथ साफ कर दिया। वही घर के आंगन में  विनोद और उसके घर वाले सो रहे थे। उसे चोरों की इस कारस्तानी की भनक तक नही लगी।

इसके अलावा पुष्पेंद्र के घर पहुंचे चोरों ने कमरे में रखी अलमारी का लॉकर तोड़ दिया। लॉकर में रखें सोने व चांदी के गहने और 15 हज़ार की नकदी लेकर फरार हो गए। इसी बीच आहट होने पर पुष्पेंद्र की पत्नी संगीता जग गयी। उसने सास उर्मिला को जगाते हुए शोर मचाया, लेकिन इससे पहले चोर वहां से रफूचक्कर हो चुके थे।

इसी बीच पुष्पेंद्र के पड़ोसी दीपक के घर में छत के रास्ते दूसरी मंजिल के कमरे में दाखिल हुए चोरों ने अलमारी का लॉक तोड़ कर उसमे रखे सोने के ज़ेवर के अलावा दस हज़ार रुपयों पर हाथ साफ कर दिया। दीपक की मां आशा ने बताया कि उसकी तबियत खराब थी। छोटा बेटा व बहू मकान के निचले हिस्से में उसके पास आकर सो रहे थे। जब पुष्पेंद्र के घर से शोर मचा तब वह भी जग गई।

ऊपर जाकर देखा तो कमरे की खिड़की टूटी थी और वहां रखी अलमारी से सब कुछ गायब था। इसके बाद शोर सुनकर पूरा गांव जाग उठा। तब तक चोर काफी दूर पहुंच चुके थे। इस तरह हुई चोरियों की खबर मिलते ही इलाकाई पुलिस टीम ने मौके पर पहुंच कर मामले की छानबीन शुरू कर दीं हैं। कछौना एसएचओ संदीप कुमार सिंह ने बताया की दी गईं तहरीर पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनके खुलासे के लिए टीमें लगाई गई है।

यह भी पढ़ें:-मुरादाबाद: बिजली चोरी रोकने के लिए संकरी गलियों के बाहर लगाए जा रहे उपभोक्ताओं के मीटर

संबंधित समाचार