हल्द्वानी: तीसरी कक्षा के हेड ब्वॉय ने डॉक्टर कुच्छल से मांगे थे तीन करोड़

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। न कोई बदमाश और न कोई डॉन। शहर के नामी चिकित्सक को कक्षा तीन में पढ़ने वाले एक आठ साल के बच्चे ने कॉल किया था। बच्चे ने भी मजाक (प्रैंक) किया था, लेकिन घटना शहर के बड़े चिकित्सक से जुड़ी थी तो मामले ने तूल पकड़ लिया। पुलिस ने भी मामले …

हल्द्वानी, अमृत विचार। न कोई बदमाश और न कोई डॉन। शहर के नामी चिकित्सक को कक्षा तीन में पढ़ने वाले एक आठ साल के बच्चे ने कॉल किया था। बच्चे ने भी मजाक (प्रैंक) किया था, लेकिन घटना शहर के बड़े चिकित्सक से जुड़ी थी तो मामले ने तूल पकड़ लिया। पुलिस ने भी मामले को गंभीरता से लिया और जब घटना की जड़ तक पहुंची तो मामला कुछ और ही निकला।

बता दें कि बीते सोमवार की शाम रामपुर रोड निवासी चिकित्सक वैभव कुच्छल को एक अंजान नंबर से कॉल आया था। कॉल करने वाले की आवाज एक बच्चे जैसी थी और चिकित्सक से तीन करोड़ की रंगदारी मांगी थी। रंगदारी न देने पर उनके बेटे के अपहरण की धमकी भी दी थी। कोतवाली पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की और पड़ताल की तो नंबर हापुड़ में एक्टिव मिला।

खास बात ये थी कि नंबर बंद नहीं हुआ था। लोकेशन ट्रेस करती कोतवाली पुलिस हापुड़ के एक फर्नीचर व्यापारी के घर पहुंच गई। फर्नीचर व्यापारी से पूछताछ हुई और मोबाइल खंगाले गए तो नंबर फर्नीचर व्यापारी की पत्नी का निकला। पुलिस और तह तक गई तो सामने आया कि फोन व्यापारी के आठ साल के बेटे ने किया था। ये बच्चा तीसरा कक्षा का छात्र है और अपनी क्लास का हेड ब्वॉय भी।

बच्चा पुलिस के सामने आया तो उसने बिना डरे सबकुछ बता दिया। इसके बाद पुलिस पिता व बेटे को मंगलवार रात ही शहर लेकर आ गई। यहां बच्चे ने बताया कि वह प्रैंक करने का शौकीन है और उसने डॉ. वैभव कुच्छल से भी प्रैंक ही किया था। हालांकि पुलिस को बच्चे की बात पर भरोसा नहीं हुआ। जिसके बाद बच्चे ने डेमो करके दिखाया कि उसने किस तरह से डॉ.वैभव कुच्छल को कॉल कर कर तीन करोड़ की मांग की और बच्चे के अपहरण की धमकी दी।

मामले में गहनता से तफ्तीश की गई है। बच्चे ने प्रैंक करने के चक्कर में फोन लगा दिया। इस मामले में जो भी आवश्यक व वैधानिक कार्यवाही है की जा रही है। अगर चिकित्सक के मन में कोई संदेह है तो शिकायत मिलने पर उसकी भी जांच कराई जाएगी।

– पंकज भट्ट, एसएसपी

संबंधित समाचार