लखनऊ: युवक ने कोतवाली परिसर में किया आत्मदाह का प्रयास, जानें वजह
लखनऊ। बाजारखाला कोतवाली परिसर में बुधवार दोपहर मौरंग-गिट्टी सप्लायर पवन यादव ने अपने शरीर पर केरोसिन छिड़ककर आत्मदाह का प्रयास किया। मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए युवक को बचा लिया। युवक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पूरा मामला बकाया किराये की उगाही को लेकर प्रताड़ना से …
लखनऊ। बाजारखाला कोतवाली परिसर में बुधवार दोपहर मौरंग-गिट्टी सप्लायर पवन यादव ने अपने शरीर पर केरोसिन छिड़ककर आत्मदाह का प्रयास किया। मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए युवक को बचा लिया। युवक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पूरा मामला बकाया किराये की उगाही को लेकर प्रताड़ना से संबंधित बताया जा रहा है। डीसीपी पश्चिम सोमेन वर्मा ने मामले की जांच की जिम्मेदारी एसीपी बाजारखाला अनिल कुमार यादव को सौंपी है।
45 हजार बकाया किराये के लिए जमीन मालिक ने दर्ज कराया फर्जी केस
मामले की जानकारी देते हुए एसीपी बाजारखाला ने बताया कि खजुआ निवासी पवन यादव की मवैया पुल के समीप मौरंग-गिट्टी की दुकान है। पवन का कहना है कि जिस जमीन पर उसकी दुकान है, वह जमीन रेखा यादव नामक महिला की है। पवन ने बताया कि रेखा यादव ने एक वर्ष का 40-45 हजार रुपये किराया बकाया होने का आरोप लगाते हुए उसे कई दिनों से परेशान कर रही है। किराये को लेकर उसके फोन पर अनजान नंबरों से कॉल आती है और धमकाया जाता है। रेखा ने उसके खिलाफ बाजारखाला कोतवाली में फर्जी लिखित शिकायत भी कर दी है।
जमीन को हथियाने का प्रयास करने का पवन पर आरोप
एसीपी ने बताया कि बाजारखाला में रेखा यादव की ओर से दर्ज कराई गई लिखित शिकायत के अनुसार पवन यादव ने उसकी जमीन पर दुकान खोली है और एक वर्ष से कोई किराया नहीं दे रहा है। किराया मांगने पर पवन धमकी देता है और गालीगलौज करता है। रेखा ने आरोप लगाया है कि पवन उसकी जमीन पर अवैध कब्जा करने की कोशिश कर रहा है।
सिर्फ पुलिस पर दबाव बनाने के लिए किया आत्मदाह का प्रसास
एसीपी ने बताया कि पवन ने खुद बताया कि उसे पुलिस की ओर से कभी परेशान नहीं किया गया। ना ही कभी कोतवाली में बुलाया गया। प्रथम दृष्टया पता चल रहा है कि रेखा के लिखित शिकायत करने पर महज पुलिस पर दबाव बनाने के लिए उसने कोतवाली परिसर मे्ं पहुंचकर आत्मदाह का प्रयास किया। वह शरीर पर केरोसिन छिड़कर आग लगाने वाला था, इससे पूर्व पुलिस कर्मियों ने उसे रोक लिया।
यह भी पढ़ें:-अलीगढ़: कलेक्ट्रेट में महिला ने किया आत्मदाह का प्रयास, मुकदमा दर्ज
