काशीपुर: ऑपरेशन के बाद महिला की मौत, जाम लगाया, अस्पताल सील

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

काशीपुर, अमृत विचार। बच्चेदानी में रसौली के ऑपरेशन के बाद महिला की हालत बिगड़ गई। तकरीबन दो घंटे इलाज के नाम पर अस्पताल प्रशासन परिजनों के आगे टालमटोली करता रहा। देर रात महिला को मृत घोषित कर दिया गया। परिजनों ने चिकित्सकों पर ऑपरेशन में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। घटना से आक्रोशित परिजनों …

काशीपुर, अमृत विचार। बच्चेदानी में रसौली के ऑपरेशन के बाद महिला की हालत बिगड़ गई। तकरीबन दो घंटे इलाज के नाम पर अस्पताल प्रशासन परिजनों के आगे टालमटोली करता रहा। देर रात महिला को मृत घोषित कर दिया गया। परिजनों ने चिकित्सकों पर ऑपरेशन में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है।

घटना से आक्रोशित परिजनों ने मुख्य सड़क पर शव रखकर अस्पताल प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और सांकेतिक जाम लगाया। मौके पर पहुंची पुलिस व स्वास्थ्य विभाग की टीम ने परिजनों को समझाकर मामला शांत किया। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अस्पताल को सील कर दिया।

टांडा उज्जैन निवासी मिथलेश (42) पत्नी कन्हैया बच्चेदानी में रसौली के पेट दर्द से परेशान थी। उसे मंगलवार सुबह करीब 10 बजे दढियाल रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सकों द्वारा उसका ऑपरेशन किया गया। इसके बाद उसकी हालत बिगड़ गई। परिजनों का आरोप है कि हालत बिगड़ने पर महिला को एंबुलेंस लेकर शहर के दो निजी अस्पताल ले गए। जहां भी इलाज के दौरान कुछ नहीं हो सका और देर रात अस्पताल प्रबंधन ने महिला को मृत घोषित कर दिया।

परिजनों का आरोप है कि चिकित्सकों ने बिना एनिथिसिया दिए ही ऑपरेशन किया। वह दर्द से कराहती रही। देर रात महिला को मृत घोषित किए जाने के बाद बड़ी तादाद में ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए। वहीं देर रात ही अस्पताल का स्टाफ मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

गुरुवार सुबह आक्रोशित परिजन अस्पताल के बाहर महिला का शव रखकर नारेबाजी करने लगे। सूचना मिलने पर मौके पर कोतवाली प्रभारी मनोज रतूड़ी, एसएसआई प्रदीप मिश्रा पहुंचे और उन्होंने परिजनों को न्यायसंगत कार्रवाई का भरोसा दिलाया, लेकिन परिजन मानने को तैयार नहीं हुए। मामले में स्वास्थ्य विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। जिसके बाद पुलिस ने पूरे अस्पताल को खाली कराने के बाद अस्पताल को सील कर दिया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौके से कागजात को कब्जे में ले लिया है। समाचार लिखे जाने तक घटना की रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई थी।

महिला की मौत के मामले में परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाकर सांकेतिक जाम लगाया था। जिन्हें समझा कर जाम खुलवा दिया गया। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अस्पताल को सील किया है। तहरीर आने पर अस्पताल प्रशासन के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

-वीर सिंह, सीओ, काशीपुर।

संबंधित समाचार