बाबा नीबकरौरी के धाम में बुजुर्ग फैन ने मुख्यमंत्री धामी को दिखाया प्रधानमंत्री बनने का सपना, खूब लगे ठहाके
संजय पाठक, हल्द्वानी, अमृत विचार। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को दो दिवसीय दौरे पर नैनीताल पहुंचे थे। उन्होंने राज्य के बजट की प्रस्तुति पर संवाद कार्यक्रम में हिस्सा लिया और विभिन्न वर्गों के सुझावों को सुना। दूसरे दिन रविवार को मुख्यमंत्री दल बल के साथ नैनीताल- अल्मोड़ा हाईवे पर स्थित विश्व …
संजय पाठक, हल्द्वानी, अमृत विचार। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को दो दिवसीय दौरे पर नैनीताल पहुंचे थे। उन्होंने राज्य के बजट की प्रस्तुति पर संवाद कार्यक्रम में हिस्सा लिया और विभिन्न वर्गों के सुझावों को सुना। दूसरे दिन रविवार को मुख्यमंत्री दल बल के साथ नैनीताल- अल्मोड़ा हाईवे पर स्थित विश्व प्रसिद्ध आस्था के केंद्र बाबा नीमकरोली के दरबार में पहुंचे।

यहां उन्होंने बाबा के धाम में शीश नवाया और ध्यान लगाया। इधर, मुख्यमंत्री के मंदिर में प्रवेश के दौरान एक ऐसा वाकया हुआ कि मुख्यमंत्री ही नहीं वित्तमंत्री प्रेम चंद्र अग्रवाल समेत तमाम लोग खुद को हंसने से नहीं रोक पाए। इसके बाद बाबा के जयकारों से माहौल गूंज उठा। दरअसल मुख्यमंत्री को सामने देख एक बुजुर्ग उनसे मिलने पहुंचा। लेकिन सुरक्षा में तैनात जवानों ने उन्हें रोक दिया। जब बुजुर्ग पर मुख्यमंत्री की नजर पड़ी तो उन्होंने सुरक्षा जवानों को पीछे हटने को कहा। इसके बाद बुजुर्ग ने मुख्यमंत्री से अपने मन की बात कही।
इस दौरान बुजुर्ग ने बेहद हल्की आवाज में मुख्यमंत्री धामी से कहा कि बाबा नीबकरौरी की कृपा होने पर वह भविष्य में प्रधानमंत्री भी बनेंगे। बुजुर्ग की आवाज भले ही धीमी थी लेकिन मुख्यमंत्री धामी के प्रधानमंत्री बनने वाली बात सबके कानों तक तेजी से पहुंची। इस दौरान मुख्यमंत्री के चेहरे की खुशी भी देखते ही बनी।

बहरहाल मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पूरा जोर चंपावत उपचुनाव में जीत हासिल करने में लगाए हुए हैं। जिसके लिए वह पूर्णागिरी मां के मंदिर, न्याय के देवता गोलू महाराज और भद्रराज देवता के मंदिर के अलावा कई सिद्ध पीठों में शीश नवाने भी पहुंच रहे हैं। क्योंकि चंपावत की जीत ही पुष्कर सिंह धामी को मुख्यमंत्री की कुर्सी पर काबिज रख सकती है। ऐसे में जब कोई फैन मुख्यमंत्री धामी से प्रधानमंत्री बनने की बात कहे तो मन में खुशी का लड्डू फूटना तो लाजिमी भी है।
