काशीपुर: यूरिया कट्टे के साथ अन्य सामान देने पर बिफरे किसान, दो घंटे तक बिक्री रही ठप

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

काशीपुर, अमृत विचार। यूरिया उर्वरक कट्टे के साथ नैनो यूरिया व अन्य सामान देने पर किसानों का पारा चढ़ गया। किसानों ने खाद की बिक्री बंद कराकर केंद्र कर्मियों को जमकर खरी-खोटी सुनाई। किसानों की मांग मानने पर करीब दो घंटे बाद खाद की बिक्री शुरू हो सकी। सोमवार की सुबह पुरानी अनाज मंडी स्थित …

काशीपुर, अमृत विचार। यूरिया उर्वरक कट्टे के साथ नैनो यूरिया व अन्य सामान देने पर किसानों का पारा चढ़ गया। किसानों ने खाद की बिक्री बंद कराकर केंद्र कर्मियों को जमकर खरी-खोटी सुनाई। किसानों की मांग मानने पर करीब दो घंटे बाद खाद की बिक्री शुरू हो सकी।

सोमवार की सुबह पुरानी अनाज मंडी स्थित इफको किसान सेवा केंद्र पर किसान खाद लेने के लिए पहुंच गए। यूरिया उर्वरक कट्टे के साथ नैनो यूरिया व अन्य सामान देने पर किसानों का पारा चढ़ गया। जिसको लेकर किसानों ने केंद्र पर तैनात अधिकारी व कर्मियों को जमकर खरी खोटी सुनाई। जिसके चलते करीब दो घंटे तक बिक्री बंद रही। सूचना पर भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारी भी मौके पर पहुंच गए।

किसानों ने भाकियू पदाधिकारियों से केंद्र कर्मियों पर यूरिया कट्टे के साथ अनिवार्य रूप से नैनो यूरिया व दवाइयां देने का आरोप लगाया। किसानों का कहना है कि फसलों में नैनो यूरिया का प्रयोग करने के बाद भी रिजल्ट शून्य है। केंद्र कर्मी किसानों को यूरिया कट्टे के साथ अनिवार्य रूप से नैनो यूरिया थमा रहे हैं। जिससे किसानों पर अत्यधिक हजारों रूपये खर्च करने को मजबूर होना पड़ रहा है। भाकियू युवा प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र सिंह जीतू ने कहा कि यूरिया खाद कट्टे के साथ दवाइयां अनिवार्य नहीं करने, ओटीपी व्यवस्था चलती रहने, खाद वितरण के लिए टोकन व्यवस्था करने, केंद्र पर टैंट व पेयजल की व्यवस्था आदि कराने की मांग की।

उधर, केंद्र बिक्री अधिकारी हरक सिंह ने बताया कि शुक्रवार की शाम केंद्र में 3348 यूरिया उर्वरक के कट्टे पहुंचे। दो दिनों में किसानों को 1500 कट्टे यूरिया के वितरित किए जा चुके हैं। प्रतिदिन केंद्र सुबह 10 से शाम करीब साढ़े 4 बजे और शनिवार को दोपहर 1 बजे तक खुलने का समय है। केंद्र पर नैनो यूरिया आया हुआ है। यूरिया खाद के कट्टे के साथ नैनो यूरिया भी दिया जा रहा है, लेकिन अनिवार्य रूप से नहीं। किसानों ने नैनो यूरिया लेने से मना कर दिया। करीब दो घंटे बाद खाद बिक्री शुरू हो सकी। सभी किसानों को केवल खाद के कट्टे वितरित किए गए हैं। वहां पर सुखविंदर सिंह, कल्याण सिंह, मनप्रीत सिंह, टीकाराम सैनी, जोरा सिंह आदि मौजूद रहे।

संबंधित समाचार