हल्द्वानी: तीसरी मंजिल से गिरी पड़ोसी की दीवार, युवक मलबे में दबा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। सोमवार रात आए आंधी-तूफान और तेज बारिश में तीसरी मंजिल की दीवार भरभरा कर एक मकान पर गिर गई। इसके मलबे में एक युवक दबकर जख्मी हो गया और उसका घर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस घटना में घर में मौजूद परिवार के अन्य सदस्य बाल-बाल बच गए। मुनगली गार्डेन निवासी …

हल्द्वानी, अमृत विचार। सोमवार रात आए आंधी-तूफान और तेज बारिश में तीसरी मंजिल की दीवार भरभरा कर एक मकान पर गिर गई। इसके मलबे में एक युवक दबकर जख्मी हो गया और उसका घर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस घटना में घर में मौजूद परिवार के अन्य सदस्य बाल-बाल बच गए।

मुनगली गार्डेन निवासी नवीन चंद्र जोशी (35) एक प्राइवेट कंपनी में काम करते हैं और यहां अपनी पत्नी सरिता जोशी, डेढ़ साल के बेटे प्रतीक, 6 साल की बेटी यशस्वी और मां लीला जोशी के साथ रहते हैं। सोमवार रात करीब 8 बजे अचानक मौसम बदलने लगा और देखते-देखते तेज हवाएं चलनी लगीं। पारंपरिक पहाड़ी शैली मकान में रहने वाले नवीन के बगल में एक तीन मंजिला मकान है। तीसरी मंजिल पर सिंगल ईंट की दीवार पर टीनशेड रखा था।

रात चली तूफानी हवाओं में टीन उड़ा और दीवार समेत नवीन के घर पर आ गिरा। जिस वक्त यह हादसा हुआ, नवीन अपनी गायों को आंगन से ले जाकर गोठ में बांध रहे थे। तभी दीवार भरभरा कर जानवरों के गोठ, रसोईघर, स्टोर रूम और भूसा घर पर गिर गई। भारी-भरकम दीवार से गोठ जमींदोज हो गया और दीवार के मलबे के नीचे नवीन दब कर बुरी तरह घायल हो गए।

तभी तेज आवाज सुनकर दौड़ी सरिता ने नवीन को मलबे में दबा देखा तो उनके होश फाख्ता हो गए। उन्होंने मदद के लिए आवाज लगाई लेकिन तूफानी हवाओं के शोर में उनकी आवाज किसी ने नहीं सुनी। इसके बाद उन्होंने ही नवीन को मलबे से बाहर निकाला और बच्चों व सास समेत सामने बने घर में शरण ली। दीवार गिरने से गोठ, भूसाघर, रसोईघर और स्टोर रूम बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। धमाके की वजह से घर की लगभग सभी दीवारों में दरार पड़ गई। नवीन के सिर में गहरा घाव है, जिसका इलाज जारी है।

संबंधित समाचार