हल्द्वानी: वर्दी और आईकार्ड के साथ नजर आएंगे आरटीओ कर्मी
बबीता पटवाल, हल्द्वानी। अब आरटीओ के अधिकारी से लेकर चपरासी तक सभी वर्दी में नजर आएंगे। इसके लिए संभागीय परिवहन अधिकारी ने विशेष निर्देश दिए हैं। जो भी अधिकारी व कर्मचारी वर्दी में दिखाई नहीं दिए तो उन पर कार्रवाई की जाएगी। विभाग में कार्यरत कर्मचारी को फॉर्मल कपड़ों के साथ आईकार्ड भी पहनना अनिवार्य …
बबीता पटवाल, हल्द्वानी। अब आरटीओ के अधिकारी से लेकर चपरासी तक सभी वर्दी में नजर आएंगे। इसके लिए संभागीय परिवहन अधिकारी ने विशेष निर्देश दिए हैं। जो भी अधिकारी व कर्मचारी वर्दी में दिखाई नहीं दिए तो उन पर कार्रवाई की जाएगी।
विभाग में कार्यरत कर्मचारी को फॉर्मल कपड़ों के साथ आईकार्ड भी पहनना अनिवार्य है। आईकार्ड विभाग की ओर से ही तैयार किए जा रहे हैं। कारण यह है कि आरटीओ के नाम पर कई अवैध वसूली की शिकायतें मिलती है, जिसका साफ तौर पर निशाना आम नागरिक ही बनता है। इस समस्या से निपटने के लिए संभागीय परिवहन अधिकारी ने यह विशेष निर्णय लिया है।
इससे अधिकारी से लेकर कर्मचारी की पहचान आसानी से हो पाएगी। इस कारण आम नागरिक दलालों के शिकार नहीं होंगे। उन्होंने विभाग में कार्यरत अधिकारी से लेकर चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के लिए वर्दी पहनना अनिवार्य किया है। चाहे कर्मचारी फील्ड में हो, या फिर दफ्तर में, सभी कर्मचारियों पर यह नियम लागू होगा। ताकि आम लोगों को आरटीओ अधिकारी व कर्मचारी को पहचाने में परेशानी न हो।
डीलरों को भी ड्रेस कोड में आना अनिवार्य
हल्द्वानी। संभागीय परिवहन अधिकारी संदीप सैनी ने बताया कि यहां आने वाला कोई भी कर्मचारी हो या डीलर एक तरीके की वेशभूषा में नहीं दिखाई देता। कार्यालय की गरिमा को बनाए रखने के लिए कर्मचारियों के साथ ही समस्त डीलरों को भी नोटिस भेजा गया है। कार्यालय के काम से यहां पहुंचने पर कंपनी का ड्रेस कोड पहनना अनिवार्य किया गया है। अगर नियमों का पालन नहीं किया गया तो डीलर का काम नहीं किया जाएगा।
किसी भी कार्यालय की गरिमा अधकारी और कर्मचारी से ही होती है। यहां आने वाला बाहरी व्यक्ति कर्मचारियों की सही पहचान कर पाए इसके लिए नियम को अनिवार्य किया जा रहा है। पहले भी कई बार निर्देशित करने पर कुछ कर्मचारियों ने गंभीरता नहीं दिखाई। अब यह नियम अनिवार्य रूप से लागू किया जा रहा है।
– संदीप सैनी, संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन)
