बेजुबानों के लिए मसीहा से कम नहीं है हल्द्वानी का बंटी, जज्बा देखकर आप भी कहेंगे ‘जीना इसी का नाम है’…
भूपेश कन्नौजिया/संजय पाठक, हल्द्वानी। फर्क नहीं कौन गीता और कुरान पढ़ता है…इंसान तो वह है जो बेजुबानों की जुबां पढ़ता है। बेजुबानों की दर्द की भाषा को अक्सर कम ही लोग समझ पाते हैं, उनकी पीड़ा को दूर करने के लिए हर संभव प्रयास और एक फोन पर तुरंत घायल पशु के रेस्क्यू के लिए …
भूपेश कन्नौजिया/संजय पाठक, हल्द्वानी। फर्क नहीं कौन गीता और कुरान पढ़ता है…इंसान तो वह है जो बेजुबानों की जुबां पढ़ता है। बेजुबानों की दर्द की भाषा को अक्सर कम ही लोग समझ पाते हैं, उनकी पीड़ा को दूर करने के लिए हर संभव प्रयास और एक फोन पर तुरंत घायल पशु के रेस्क्यू के लिए घर से अकेले निकल जाना हर किसी के बस की बात नहीं।
बेजुबानों की मदद के लिए सोचता तो हर कोई है पर सही मायनों में कदम बहुत कम लोग बढ़ा पाते हैं, लेकिन शहर के भोटिया पड़ाव वैलेजली लॉज निवासी दिक्षय वर्मा उर्फ बंटी को हर कोई अब बेजुबानों के मसीहा के नाम से पुकारता है। स्नातक की पढ़ाई पूरी करने के बाद अब वकालत की पढ़ाई कर रहे इस युवा की तमन्ना है कि वह आवारा,घायल पशुओं के लिए शेल्टर बनाए, लेकिन अभी आर्थिक स्थिति ठीक नहीं…पर हो सकता है कि उसका जज्बा-मेहनत और मौत के मुंह से लौटे मूक जानवरों की दुआ उसे इस लायक बना भी दे।
खैर कोरोनाकाल से लेकर अब तक करीब 200 घायल पशुओं के इलाज के लिए उन्हें निजी और सरकारी पशु चिकित्सालय ले जाने सहित रेस्क्यू कर चुके बंटी निस्वार्थ सेवा भाव से शहर के हर कोने से आने वाले फोन पर तुरंत मौके पर पहुंच जाता है। कई बार घरवालों की डांट भी खाई, लेकिन अब घर वाले भी उसके इस सेवा भाव को देखते हुए कुछ नहीं कहते बल्कि उसे उत्साहित करते हैं। पिता नगर निगम द्वारा संचालित पेट्रोल पंप में कार्य करते हैं तो मां गृहणी हैं। एक बड़ा भाई भी है जो लगातार उसे प्रेरित करते हैं।
बंटी का कहना है कि उसे एक चीज काफी अखरती है कि लोग सोशल मीडिया में पोस्ट डाल देते हैं और केवल खेद जताते हैं, जबकि अगर उन्हें वास्तव में पशु प्रेम दिखाना है तो उसे बचाने के लिए प्रयास करने चाहिए ना कि केवल दुख या खेद प्रकट करना चाहिए। बहरहाल बेजुबानों के दर्द को राहत पहुंचाने के इस अभियान में जुटे बंटी की पहल को शहर भर में तारीफ मिल रही है। अब इंतजार है तो उन रहनुमाओं को जो उसे लाचार जानवरों के उपचार के लिए जगह मुहैया करा दे।
