हल्द्वानी: घर में लगा था ताला, आंगन में गिरे थे अखबार, चोरों को मिला आइडिया फिर उड़ा लिया माल
हल्द्वानी, अमृत विचार। शहर में दो बड़ी चोरियों में करीब एक करोड़ का माल चोरों ने उड़ाया। इन चोरियों का खुलासा पुलिस ने भले ही एक माह भीतर कर दिया हो लेकिन चोरों से एक लाख भी बरामद नहीं कर पाई। तीन में से एक आरोपी को पकड़ कर कोतवाली पुलिस ने भले ही अपनी …
हल्द्वानी, अमृत विचार। शहर में दो बड़ी चोरियों में करीब एक करोड़ का माल चोरों ने उड़ाया। इन चोरियों का खुलासा पुलिस ने भले ही एक माह भीतर कर दिया हो लेकिन चोरों से एक लाख भी बरामद नहीं कर पाई। तीन में से एक आरोपी को पकड़ कर कोतवाली पुलिस ने भले ही अपनी पीठ थपथपा ली हो लेकिन इससे पीड़ितों को आर्थिक चोट की भरपाई नहीं हो सकी। शनिवार को पुलिस बहुउद्देशीय भवन में एसपी सिटी हरबंस सिंह ने चोरियों का खुलासा किया।

बीती 14 अप्रैल को मंडी चौकी क्षेत्र के बरेली रोड निवासी शिव किशोर कपूर के घर चोरी की घटना हुई। शहर के बड़े व्यापारी शिव कपूर के घर से चोरों ने साढ़े आठ लाख की नगदी और करीब 70 लाख रुपये के सोने-चांदी और हीरे के जेवर उड़ा लिये।
जबकि बीती 6 मई को टीपीनगर चौकी क्षेत्र के रामबाग कालोनी निवासी हाईकोर्ट की अधिवक्ता ज्योति सिंह के घर से चोरों ने लाखों के सोने-चांदी और हीरों के जेवर के साथ 22 हजार की नगदी पर हाथ साफ कर दिया था। एसपी सिटी ने बताया कि इन वारदातों में तीन आरोपी शामिल थे। चोरी का आरोपी सलमान हुसैन पुलिस की गिरफ्त में है और दूसरे आरोपी गोरीखेड़ा सितारगंज निवासी दीपक गुप्ता उर्फ जगदीश को दिनेशपुर पुलिस पहले ही एक अन्य चोरी के मामले में गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। जबकि इस्लामनगर खटीमा निवासी अकील अहमद ने दोनों साथियों के पकड़े जाने और लगातार दबिश की वजह से कोर्ट में सरेंडर कर दिया है। अकील को ही सरगना बताया जा रहा है।।
पकड़े गए आरोपी के पास से पुलिस ने जो माल बरामद किया है कि उसकी कीमत करीब एक लाख होगी। जबकि दोनों घटनाओं में चोरी गए माल की कीमत एक करोड़ के करीब है।
एसपी सिटी हरबंस सिंह ने बताया कि आरोपी घूम-घूम कर चोरी की घटनाओं को अंजाम देते हैं। अधिवक्ता ज्योति सिंह के घर हुई चोरी में घर के बाहर पड़े पुराने अखबारों ने चोरों के लिए सुराग का काम किया। 6 मई को ज्योति सिंह बच्चों के साथ शहर से बाहर गईं और 9 मई को लौट कर आईं। इस दरम्यान अखबार बांटने वाले ने गेट पर ही अखबार डाल दिया था। कई दिन के अखबार दरवाजे पर एकत्र देख चोर समझ गए कि घर में कोई नहीं है। इसके बाद तीनों ने मिलकर घटना को अंजाम दिया। घटना के खुलासे में पुलिस ने 250 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज चेक किए। बहरहाल, खुलासा करने वाली टीम को एसएसपी पंकज भट्ट ने ढाई हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की है।
