कुमाऊं विश्वविद्यालय का दीक्षांत समारोह 27 मई को, 410 छात्र-छात्राओं को मिलेगी पीएचडी की उपाधि
नैनीताल,अमृत विचार। कुमाऊं विश्वविद्यालय का 17वां दीक्षांत समारोह 27 मई को आयोजित किया जा रहा है। जिसके लिए प्रबंधन द्वारा तैयारियां की जा रही हैं। दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में राज्यपाल गुरमीत सिंह, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और उच्च शिक्षा राज्य मंत्री धन सिंह रावत मौजूद रहेंगे। मालूम हो कि कोरोना काल …
नैनीताल,अमृत विचार। कुमाऊं विश्वविद्यालय का 17वां दीक्षांत समारोह 27 मई को आयोजित किया जा रहा है। जिसके लिए प्रबंधन द्वारा तैयारियां की जा रही हैं। दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में राज्यपाल गुरमीत सिंह, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और उच्च शिक्षा राज्य मंत्री धन सिंह रावत मौजूद रहेंगे।

मालूम हो कि कोरोना काल के दो वर्ष बाद कुमाऊं विश्वविद्यालय का 17वां दीक्षांत समारोह का आयोजित होने जा रहा है। कुमाऊं विश्वविद्यालय के सभागार में विवि के कुलपति प्रो. एनके जोशी ने प्रेसवार्ता में बताया कि राज्यपाल गुरमीत सिंह लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) ने 27 मई को दीक्षांत समारोह आयोजित करने की स्वीकृति प्रदान कर दी है।
विवि से संबद्ध सभी परिसरों, महाविद्यालयों और संस्थानों से उनके मेधावी विद्यार्थियों की सूची ले ली गई है। बताया कि दीक्षांत समारोह में वर्ष 2019-20 और 2020-21 के करीब 58,640 छात्र-छात्राओं को स्नातक और परास्नातक की डिग्री दी जाएगी। इसके अलावा 115 मेधावियों को स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक से सम्मानित किया जाएगा। इनमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को नकद पुरस्कार दिए जाएंगे। साथ ही 410 विद्यार्थियों को पीएचडी की उपाधि दी जाएगी।
इस पूरे समारोह का विश्वविद्यालय के फेसबुक पेज से लाइव प्रसारण भी किया जाएगा, जिससे घर बैठे ही लोग अपने बच्चों को डिग्री लेते हुए देख सकेंगे। कुलपति ने बताया कि दीक्षांत समारोह डीएसबी परिसर के एएन सिंह सभागार सुबह 10 बजे से शुरू होगा। बताया कि समारोह में मेडल प्राप्त करने वाले सभी अभ्यर्थियों की 26 मई को रिहर्सल कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि अतिथियों के लिए मस्जिद चौराहे व तल्लीताल से गाड़ियों की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
