मुरादाबाद : पिता का मिला साथ, छूटा दोस्तों का हाथ

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

 मुरादाबाद,अमृत विचार। सभी चुप थे, मगर आंखें सब कुछ बयां कर रहीं थीं। विदाई के समय वह भी सभी को मनभर कर देख लेना चाह रहा था। दौड़कर साथियों को गले लगाते हुए भावुक हो जा रहा था। इस बीच आश्रय गृह के आंगन से विदाई हो गयी और वह सिसकता हुआ घर के लिए …

 मुरादाबाद,अमृत विचार। सभी चुप थे, मगर आंखें सब कुछ बयां कर रहीं थीं। विदाई के समय वह भी सभी को मनभर कर देख लेना चाह रहा था। दौड़कर साथियों को गले लगाते हुए भावुक हो जा रहा था। इस बीच आश्रय गृह के आंगन से विदाई हो गयी और वह सिसकता हुआ घर के लिए रवाना हो गया।

अक्सर लोग घर जाने पर खुश होते हैं। बच्चे तो और रोमांचित होते हैं। यह दर्द भरी कहानी है गाजियाबाद से उस मासूम की, जो दोस्त के साथ भटक कर यहां आ गया था। बात चाइल्डलाइन तक पहुंची तो टीम ने रेलवे स्टेशन पर रेस्क्यू कर दोनों साथियों को शेल्टर होम को सौंप दिया था। तब काउंसलिंग हुई। एक के घर वाले आए और अपने बच्चे को लेकर चले गए। लेकिन, दूसरा घर नहीं जा सका। गुरुवार को लंबी प्रतीक्षा के बाद उसे पिता की छांव नसीब हुई।

शेल्टर होम के प्रबंधक विजय प्रताप कहते हैं कि गाजियाबाद से भटक कर आया मासूम दो साल में यहां निखर गया। पिता की भी तमाम मजबूरियां थीं। बचपन में बच्चे की मां का निधन हो गया। परिवार में कोई और नहीं है। पिता गुजर-बसर के लिए शहर की एक ढाबे में मजदूरी करते हैं। चाइल्ड लाइन की छानबीन में पिता पता मालूम हुआ तो बेटे के बारे में जानकारी दी गई। लेकिन, पिता की भी अपनी बेबसी थी। न घर और न घर में कोई दूसरा सदस्य। इसलिए जिगर के टुकड़े को कहां रखता। उम्र का चाबुक चलने को हुआ तो पिता पड़ोस के लोगों को साथ लेकर मुरादाबाद पहुंच गए। बेटे को सीने से चिपकाकर वह यहां से रवाना हो गए।

प्रबंधक बताते हैं कि दो साल में मासूम निखर गया। वह पेंटर बनना चाहता है, इसलिए हर रोज अपनी कक्षा में चित्रकारी करता था। शेल्टर होम में उस बच्चे की बनाई गई देवी-देवताओं की आकृतियां उसे याद में बनाए रखेंगी। वह पेंटर बनना चाहता है। दो साल में वह यहां बच्चों से घुल मिल गया था। उसके घर जाने के दौरान यहां साथ में रहने खेलने और पढ़ने वाले सिसक पड़े। विदाई के समय शेल्टर होम परिसर का माहौल बदल गया। विभिन्न क्षेत्रों से बेसहारा हाल में यहां रखे गए सभी 17 मासूमों ने अपने साथी को सिसकियों के बीच रवाना किया।

ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : सपा नेता यूसुफ मलिक समेत छह लोग गैंगस्टर में पाबंद

संबंधित समाचार