लखनऊ : मौत का कारण पता नहीं चला तो लटका दी जांच

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ । सरकार की लाख कोशिशों के बाद भी पुलिस विभाग संगीन अपराधों के मामलों में अपनी रफ्तार तेज नहीं कर पा रहा है। राजधानी में हाल ही में हुए दो बड़े मामलों में मृतकों की मौत का कारण स्पष्ट न होने से जांच लटका दी गई है। जांच को आगे बढ़ाने के लिए पुलिस …

लखनऊ सरकार की लाख कोशिशों के बाद भी पुलिस विभाग संगीन अपराधों के मामलों में अपनी रफ्तार तेज नहीं कर पा रहा है। राजधानी में हाल ही में हुए दो बड़े मामलों में मृतकों की मौत का कारण स्पष्ट न होने से जांच लटका दी गई है। जांच को आगे बढ़ाने के लिए पुलिस अभी तक पोस्टमार्टम व फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।

केस : 1

आठ दिन बाद भी नहीं मिली पोस्टमार्टम रिपोर्ट

बीबीडी थानांतर्गत फैजाबाद रोड स्थित श्री राम स्वरूप मेमोरियल पब्लिक स्कूल में गत 19 मई को 12वीं की छात्रा अनम इदरिसी ने छात्रावास के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। मृतका की मां नगमा ने स्कूल प्रिंसिपल और वार्डन के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पर मामले में अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।

दरअसल, पुलिस को अब तक समग्र जांच रिपोर्ट ही नहीं मिली। बीबीडी कोतवाली प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि घटना के बाद स्कूल के कर्मचारी छात्रा को इलाज के लिए बाराबंकी लेकर चले गए थे। जहां अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस कारण शव का पंचनामा बाराबंकी में ही हुआ। अब बाराबंकी से पोस्टमार्टम रिपोर्ट क्षेत्रीय एसपी को जाएगी। जहां से इसे लखनऊ कमिश्नरेट भेजा जाएगा। इसके बाद कमिश्नरेट से रिपोर्ट कोतवाली को प्राप्त होगी। रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई होगी।

केस : 2

बिसरा सुरक्षित रखा, पर जांच के लिए नहीं भेजा

गत 21 मई को इंदिरा नगर कोतवाली अंतर्गत मयूर रेजीडेंसी में पुलिस ने एचएएल की इंजीनियर सुनीता दीक्षित (60) का चार दिन पुराना शव बरामद किया था। जबकि सुनीता की बेटी अंकिता (31) चार दिनों तक अपनी मां के शव के साथ उसी घर में रह रही थी। प्रारंभिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण पूरी तरह से स्पष्ट नहीं हुआ तो पुलिस ने बिसरा सुरक्षित रख लिया था।

पर अब तक बिसरा को एडवांस फॉरेंसिक लैब में परीक्षण के लिए नहीं भेजा गया। मसलन मामले में आज तक जांच लटकी हुई है। घटना के कई दिन बाद भी सुनीता की मौत का सही कारण तक पुलिस पता नहीं लगा सकी है। इंदिरा नगर प्रभारी कोतवाली रामफल प्रजापति ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

वर्जन

 इस बारे में पूरी जानकारी नहीं है। संबंधित जोन के डीसीपी से जानकारी ली जाएगी। इसके बाद ही आधिकारिक रूप से कोई प्रतिक्रिया दी जा सकती है।

-नीलब्जा चौधरी, संयुक्त पुलिस आयुक्त, अपराध एवं मुख्यालय

संबंधित समाचार