कालाढूंगी के पास दो दिन में दूसरी बार हादसा
कालाढूंगी,अमृत विचार। पुणे (महाराष्ट्र) के पर्यटकों को नैनीताल से लेकर लौट रहा टेंपो ट्रैवलर ब्रेक फेल होने से कालाढूंगी के पास लाल मिट्टी क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में पर्यटकों को मामूली चोटें आई हैं। पुलिस व स्थानीय लोगों ने पर्यटको को वाहन से बाहर सुरक्षित निकाला। बता दें कि बीते गुरुवार को नागपुर …
कालाढूंगी,अमृत विचार। पुणे (महाराष्ट्र) के पर्यटकों को नैनीताल से लेकर लौट रहा टेंपो ट्रैवलर ब्रेक फेल होने से कालाढूंगी के पास लाल मिट्टी क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में पर्यटकों को मामूली चोटें आई हैं। पुलिस व स्थानीय लोगों ने पर्यटको को वाहन से बाहर सुरक्षित निकाला। बता दें कि बीते गुरुवार को नागपुर (महाराष्ट्र) की महिला पर्यटकों का टेंपो ट्रैवलर भी इसी जगह दुर्घटनाग्रस्त हो गया था जिसमें 10 महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। अब इसी जगह पर शुक्रवार को हादसा हो गया।
शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे नैनीताल से लौट रहे महाराष्ट्र के पर्यटकों का टेंपो ट्रैवलर ब्रेक फेल होने से लाल मिट्टी क्षेत्र के पास अनियंत्रित हो गया। चालक भैरव दत्त जोशी ने सूझबूझ से काम लेते हुए वाहन को पहाड़ी से टकरा दिया, जिससे वाहन पलट गया। गनीमत रही कि हादसे में वाहन में सवार पर्यटकों को मामूली चोट आईं।
चालक ने बताया कि 18 मई से तीन बच्चों व सात पर्यटकों को नैनीताल घुमाने के बाद शुक्रवार को दिल्ली ले जा रहे थे। कालाढूंगी के पास तीव्र मोड़ पर ब्रेक फेल हो गए जिस पर उन्होंने वाहन को पहाड़ी से टकरा दिया। थानाध्यक्ष राजवीर सिंह नेगी ने बताया कि सभी पर्यटकों को दूसरे वाहन से रवाना कर दिया गया है।
काली पहाड़ी के पास ट्रक पलटा, बाल बाल बचा चालक
गरमपानी। बदहाली का दंश झेल रहे शहीद बलवंत सिंह वर्धो मार्ग पर दुर्घटनाओं का ग्राफ बढ़ता ही जा रहा है। बेतालघाट से निर्माण सामग्री लेकर अल्मोड़ा जा रहा डंपर असंतुलित होकर काली पहाड़ी के पास पलट गया। संयोगवश वाहन चालक बाल-बाल बच गया। दुर्घटना के कारण काफी देर तक जाम भी लगा रहा। बाद में जेसीबी से ट्रक को किनारे करने के बाद आवाजाही सुचारू हो सकी।
बेतालघाट से निर्माण सामग्री लेकर एक ट्रक अल्मोड़ा जा रहा था। काली पहाड़ी के पास एकाएक चालक ट्रक पर संतुलन खो बैठा और वाहन असंतुलित होकर सड़क के बीचोंबीच पलट गया। अन्य वाहन चालकों ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन के अंदर से चालक बामुश्किल बाहर निकाला। संयोगवश वाहन चालक मामूली रूप से चोटिल हुआ और बड़ा हादसा होने से बच गया। वहीं, ट्रक के दुर्घटनाग्रस्त होने से मार्ग पर लंबा जाम लग गया। बाद में जेसीबी की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहन को किनारे लगाकर आवाजाही सुचारू की गई। क्षेत्रवासियों ने काली पहाड़ी के पास मार्ग को दुरुस्त करने की मांग उठाई है।
