लखनऊ: किशोरों को जंजीर से बांधने वाले मौलाना पर होगी कार्रवाई, सीडब्ल्यूसी ने लिया संज्ञान
लखनऊ। गोसाईगंज कोतवाली क्षेत्र में स्थित मदरसे में पढ़ने वाले दो किशोरों के पैरों में लोहे की जंजीर बांधकर बंधक बनाने वाले मौलाना के खिलाफ कानूनी कार्रवाई होगी। इसके लिए बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) की ओर से किशोर न्याय बोर्ड को मामले की लिखित रिपोर्ट भेजते हुए दोषी मौलाना के खिलाफ कार्रवाई की अनुशंसा की …
लखनऊ। गोसाईगंज कोतवाली क्षेत्र में स्थित मदरसे में पढ़ने वाले दो किशोरों के पैरों में लोहे की जंजीर बांधकर बंधक बनाने वाले मौलाना के खिलाफ कानूनी कार्रवाई होगी। इसके लिए बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) की ओर से किशोर न्याय बोर्ड को मामले की लिखित रिपोर्ट भेजते हुए दोषी मौलाना के खिलाफ कार्रवाई की अनुशंसा की गई है।
एनसीपीसीआर के निर्देश पर सीडब्ल्यूसी ने लिया संज्ञान
सीडब्ल्यूसी के चेयर पर्सन रवींद्र सिंह ने बताया कि गत शुक्रवार गोसाईगंज के मदरसे में मौलाना दो किशोरों क्रमश: 10 वर्षीय व 12 वर्षीय के पैर में लोहे की जंजीर बांधकर बंधक बनाने का वीडियो वायरल हुआ था। गोसाईगंज कोतवाली जांच की तो पता चला कि वीडियो सुफ्फा मदीनतुल उलम मदरसे का है। किशोर मदरसे से भाग जाते थे, इसलिए किशोरों के परिजनों की स्वीकृति पर मौलाना मो. रियाज ने उनके पैरों में लोहे की जंजीर बांधी थी। गोसाईगंज कोतवाली की ओर से नियमानुसार राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग (एनसीपीसीआर) को मामले की रिपोर्ट भेजी गई थी लेकिन एनसीपीसीआर ने इसे अपराध बताते हुए सीडब्ल्यूसी को मामले की जांच के आदेश दिये।
किशोरों को प्रताड़ित करता था मौलाना
रवींद्र सिंह ने बताया कि एनसीपीसीआर के निर्देश पर मौलाना मो. रियाज, पीड़ित किशोरों और उनके परिजनों को बुलाकर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान किशोरों ने बताया कि मौलाना उन्हें काफी प्रताड़ित करता है। जिसके कारण बच्चे मदरसे की छह फीट की दीवार को फांदकर भागने का प्रयास कर रहे थे। किशोरों के परिजनों ने बताया कि किशोर पहले हिन्दी मीडियम स्कूलों में पढ़ते थे। उर्दू शिक्षा के लिए कुछ समय पूर्व ही किशोरों को मदरसे में दाखिल कराया था। रवींद्र सिंह ने बताया कि परिजनों ने किशोरों के हिन्दी माध्यम स्कूल में ली गई शिक्षा से संबंधित दस्तावेज मांगे गए हैं।
सोमवार को होगी काउंसिलिंग
सीडब्ल्यूसी चेयर पर्सन ने बताया कि पीड़ित किशोरों से पूछा गया कि क्या मौलाना उनके साथ कोई अनैतिक काम भी करता था। इस सवाल पर बच्चे इस बात पर सहम से गये। इसलिए सोमवार को फिर से किशोरों को बुलाया गया है। पीड़ित किशोरों से काउंसिलिंग करते हुए पूछताछ की जाएगी।
यह भी पढ़ें:-पीलीभीत: फेसबुक पर विवादित पोस्ट करने वाला मौलाना गिरफ्तार
