रुद्रपुर: साइबर ठग ने माल भेजने के नाम पर हड़पे 60 हजार रुपये

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रुद्रपुर, अमृत विचार। पंजाब के एक व्यक्ति ने ट्रांसपोर्टर को गाड़ी बुक कराने के नाम पर 60 हजार रुपये का चूना लगा दिया। वहीं फोन पर गाड़ी मंगाकर 24 घंटे तक पीड़ित को टहलाता रहा। पीड़ित ने साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। साइबर क्राइम के निर्देश पर पुलिस ने …

रुद्रपुर, अमृत विचार। पंजाब के एक व्यक्ति ने ट्रांसपोर्टर को गाड़ी बुक कराने के नाम पर 60 हजार रुपये का चूना लगा दिया। वहीं फोन पर गाड़ी मंगाकर 24 घंटे तक पीड़ित को टहलाता रहा। पीड़ित ने साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। साइबर क्राइम के निर्देश पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

रायल रेजीडेंसी, बगवाड़ा निवासी विनोद सोम ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह फुलसुंगा स्थित वीएस एक्सप्रेस लॉजिस्टिक्स नाम की अपनी फर्म से ट्रांसपोर्ट का कार्य करता है। 22 मई को सुबह 10 बजे उसके पास दो अलग-अलग नंबरों से फोन आया और फोन करने वाले ने अपना नाम मनीष गुप्ता बताया। कहा कि उसकी गाबा चौक पर गुप्ता इंडस्ट्रीज नाम से कंपनी है। जिसमें वह दवाई पाउडर बनाते है। उन्हें अपना माल जमशेदपुर व रायपुर भेजने के लिए दो 32 फिटी ट्रक किराये पर चाहिए। जिसके बाद दोनों ट्रकों का किराया 1.70 लाख रुपये तय हुआ और 23 मई को पीड़ित ने उस व्यक्ति के कहे अनुसार दो ट्रक गाबा चौक पर भेज दिये।

जहां पहुंचकर ट्रक चालक ने उस व्यक्ति को फोन किया और ट्रकों की सूचना दी। जिस पर उसने कहा कि अभी माल लोड करवाता हूं। उसके कुछ देर बाद उस व्यक्ति ने बिल्टी, लोडिंग आदि को लेकर 60 हजार रुपये मांगे। जो उसने भाड़े में जोड़ने को कहा। जिसके बाद वह माल लोड करवाने को लेकर शाम तक टाल मटोल करता है और दूसरे दिन सुबह सात बजे तक मॉल लोड करवाने की बात कही।

इस बीच पीड़ित ने उसके बताये प्रदीप कुमार के खाते में 60 हजार रुपये जमा कर दिये। रुपये मिलने के बाद से उसका फोन बंद आने लगा। जिसके बाद पीड़ित को अपने साथ हुई ठगी का एहसास हुआ। पीड़ित ने जिसकी शिकायत साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में की। जहां से रिपोर्ट कोतवाली में दर्ज कराने के निर्देश दिये गये। कोतवाली पुलिस ने तहरीर अनुसार प्रदीप कुमार निवासी धान मोहल्ला, जालंधर सिटी, पंजाब के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

संबंधित समाचार