अखिलेश यादव का योगी सरकार पर तंज, कहा- यूपी में विकास और निवेश की झूठी कहानी गढ़ी जा रही है
लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को कहा कि उत्तर प्रदेश में विकास और निवेश की झूठी कहानी गढ़ी जा रही है। पार्टी मुख्यालय में विधानसभा चुनाव में सपा प्रत्याशियों, प्रकोष्ठों के राष्ट्रीय एवं प्रदेश अध्यक्षों तथा कुछ प्रमुख जिलाध्यक्षों की बैठक को सम्बोधित करते हुये सपा मुखिया अखिलेश यादव ने कहा …
लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को कहा कि उत्तर प्रदेश में विकास और निवेश की झूठी कहानी गढ़ी जा रही है। पार्टी मुख्यालय में विधानसभा चुनाव में सपा प्रत्याशियों, प्रकोष्ठों के राष्ट्रीय एवं प्रदेश अध्यक्षों तथा कुछ प्रमुख जिलाध्यक्षों की बैठक को सम्बोधित करते हुये सपा मुखिया अखिलेश यादव ने कहा कि नौजवानों और किसानों के साथ धोखा किया गया है।
इसके साथ ही अखिलेश ने कहा कि सूबे में कानून व्यवस्था का कहीं अता पता नहीं हैं। राज्य की भोली-भाली जनता को झूठे किस्से-कहानी सुनाकर गुमराह किया जा रहा है। भाजपा का यह पुराना एजेण्डा है। सपा कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि वे भाजपा के दुष्प्रचार का हर स्तर पर मजबूती से पर्दाफाश करें।
उन्होंने कहा कि भाजपा को संविधान की प्रस्तावना में उल्लिखित समाजवाद, लोकतंत्र तथा पंथनिरपेक्षता पर विश्वास नहीं है। भाजपा संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने का काम कर रही है। गांव-गरीब उसकी प्राथमिकता में नहीं है। भाजपा समाज में नफरत और तनाव फैला कर राज कर रही है।
भाजपा की इस राजनीति से सभी को सावधान रहना है। सपा संविधान और सामाजिक सौहार्द के लिए प्रतिबद्ध है। जनता से भी अपील है कि वह शांति व्यवस्था बनाएं रखे और माहौल बिगाड़ने वालों के इरादों को सफल न होने दे। अखिलेश यादव ने कहा कि 2022 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी का वोट प्रतिशत बढ़ा है।
इस चुनाव में सभी प्रत्याशी मजबूती से लड़े। चुनाव में हार-जीत होती रहती है। कई प्रत्याशी बहुत कम अन्तर से हारे हैं। प्रशासन का दुरुपयोग करके कई विधानसभा क्षेत्रों के चुनाव परिणामों को प्रभावित किया गया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में चुनाव आयेाग की भूमिका निष्पक्ष नहीं रही। उसने चुनाव के दौरान पार्टी की शिकायतों का समुचित संज्ञान नहीं लिया। चुनावों में मतदाता सूची में भी काफी गड़बड़ियां पाई गईं।
तमाम मतदाताओं के नाम गायब थे। कई बूथों पर पीठासीन अधिकारियों की भूमिका भी संदिग्ध रही। आरएसएस ने भी अफवाहें फैलाने और दुष्प्रचार करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। अखिलेश ने कहा कि विधानसभा चुनाव में जो कमियां दिखी उनसे सबक लेना चाहिए। आगे से मतदान के प्रति जागरूकता फैलाते हुए मतदान प्रतिशत बढ़ाने का प्रयास होना चाहिए। उन्होंने अभी से 2024 में लोकसभा चुनाव और 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों की तैयारियां करने, संगठन को मजबूती देने तथा बूथ स्तर पर चिह्नित करके वोट बढ़ाने पर विशेष बल दिया।
यह भी पढ़ें:-आजमगढ़ लोकसभा उपचुनाव : अखिलेश यादव ने दलित चेहरे पर दिखाया भरोसा, सुशील आनंद को बनाया उम्मीदवार
