हल्द्वानी: धार्मिक स्थलों पर कम नहीं हुई लाउडस्पीकर की आवाज, अब प्रशासन ने बनाया ये प्लान
हल्द्वानी, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश में योगी सरकार की तर्ज पर हल्द्वानी में भी अब धार्मिक स्थलों पर तय मानकों का उल्लंघन करते लाउडस्पीकरों के खिलाफ पुलिस 15 जून से पूरे जिले में एक साथ अभियान चलाने जा रही है। पर्यटन सीजन खत्म होते ही पुलिस इस काम में लग जाएगी। सिटी मजिस्ट्रेट ऋचा सिंह …
हल्द्वानी, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश में योगी सरकार की तर्ज पर हल्द्वानी में भी अब धार्मिक स्थलों पर तय मानकों का उल्लंघन करते लाउडस्पीकरों के खिलाफ पुलिस 15 जून से पूरे जिले में एक साथ अभियान चलाने जा रही है। पर्यटन सीजन खत्म होते ही पुलिस इस काम में लग जाएगी।
सिटी मजिस्ट्रेट ऋचा सिंह ने बताया कि कुछ दिन पहले धार्मिक संस्थाओं और धर्मगुरुओं के साथ बैठक कर लाउडस्पीकर की आवाज को तय मानकों के अनुसार करने को लेकर बैठक की गई थी। बावजूद इसके शिकायत आ रही है कि अभी भी धार्मिक स्थलों में मानक ताक पर रखकर लाउड स्पीकर बजाये जा रहे हैं। धार्मिक स्थलों के लाउडस्पीकरों से होने वाले ध्वनि प्रदूषण के सम्बन्ध में उच्च न्यायालय के आदेश के अनुपालन में उत्तराखंड पुलिस द्वारा सभी जनपदों में 1 जून 2022 से एक माह का विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
अभियान के अन्तर्गत अभी तक कुल 258 धार्मिक स्थलों से लाउडस्पीकरों को हटाया गया है। बताते चलें कि बैठक के दौरान हाईकोर्ट के आदेशानुसार रात 10 से लेकर सुबह 6 बजे तक लाउड स्पीकर का प्रयोग पूरी तरह प्रतिबंधित होने की जानकारी दी गई थी। यह भी तय हुआ कि 15 दिन से अधिक चलने वाले आयोजनों के लिए पूर्व में अनुमति ली जाएगी। बैठक में एसपी सिटी डॉ. जगदीश चंद्र, सिटी मजिस्ट्रेट ऋचा सिंह, सीओ सिटी शांतनु पाराशर के साथ ही मंदिरों के पुजारी, मस्जिदों के इमाम, गुरुद्वारा ग्रंथी, चर्च पादरी के साथ ही धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद थे।
अभी पुलिस पर्यटन सीजन में व्यस्त है। 15 जून से पर्यटन सीजन खत्म हो जाएगा और इसके बाद पुलिस लाउड स्पीकर के खिलाफ अभियान में जुट जाएगी। पुलिस की ओर से सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। – पंकज भट्ट, एसएसपी, नैनीताल
यह भी पढ़ें: हल्द्वानी में रात 10 बजे से सुबह छह बजे तक लाउडस्पीकर पर रहेगा पूर्ण प्रतिबंध
हल्द्वानी: रात 10 से सुबह 6 बजे तक लाउडस्पीकर पर रहेगा पूर्ण प्रतिबंध
