मुरादाबाद: जन समस्याओं को लेकर कांग्रेसियों ने महापौर का किया घेराव, दी आंदोलन की चेतावनी
मुरादाबाद, अमृत विचार। कांग्रेस के जिलाध्यक्ष असलम खुर्शीद के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने मंगलवार को महापौर विनोद अग्रवाल को घेरा। उनके पीलीकोठी स्थित शिविर कार्यालय पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर नाराजगी जताई और आंदोलन की चेतावनी देते हुए ज्ञापन सौंपा। जिलाध्यक्ष असलम खुर्शीद ने कहा कि चौकी हसन चौराहे से नाइयों वाली …
मुरादाबाद, अमृत विचार। कांग्रेस के जिलाध्यक्ष असलम खुर्शीद के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने मंगलवार को महापौर विनोद अग्रवाल को घेरा। उनके पीलीकोठी स्थित शिविर कार्यालय पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर नाराजगी जताई और आंदोलन की चेतावनी देते हुए ज्ञापन सौंपा।
जिलाध्यक्ष असलम खुर्शीद ने कहा कि चौकी हसन चौराहे से नाइयों वाली मस्जिद, अंडेवालान किसरौल की सड़क, नाली क्षतिग्रस्त है। नाली का पानी सड़क पर आता है जिससे दुर्घटना की आशंका रहती है। सौ वर्ष पुरानी कपूर कंपनी स्थित फलमंडी और सब्जी मंडी को बुलडोजर से तोड़ दिया गया। लेकिन उनके पुनर्वास की कोई व्यवस्था नहीं की गई जिससे वहां के कारोबारी सड़क पर आ गए।
उनके और उनके परिवार के सामने भुखमरी की स्थिति हो गई है। महापौर से मांग किया कि रेलवे और जिला प्रशासन से समन्वय कर इन दुकानदारों का पुनर्वास किया जाए। कहा कि महानगर में नाला सफाई के नाम पर रस्म अदायगी कर थोड़ा बहुत सिल्ट निकालकर छोड़ दिया गया, इसके नाम पर लाखों रुपए का वारा न्यारा कर दिया जाता है। इसकी जांच कराकर नालों की सही से सफाई कराई जाए जिससे बरसात में जलभराव की स्थिति नागरिकों को न झेलनी पड़े। महापौर ने सकारात्मक समाधान का भरोसा दिलाया।
विरोध जताने वालों में सतीश दिवाकर, दानिश सैफी, विवेक कुमार, मोहम्मद अरशद, इरशाद हुसैन, नवाब अली, अफजल साबरी, सरफराज सिद्दीकी, राजेंद्र वाल्मीकि, पार्षद मोहम्मद जुनैद, श्याम बाबू वाल्मीकि, अनूप दुबे सहित अन्य कार्यकर्ता आदि शामिल रहे।
ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद: हसनपुर उप डाकघर नए भवन में स्थानांतरित
