हल्द्वानी: खनन व्यवसायी की पत्नी लापता, सीसीटीवी में दिखी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। खनन व्यवसायी की लापता पत्नी कोमल का आठ दिन बाद भी सुराग नहीं लगा। उसे आखिरी बार सीसीटीवी में भागते देखा गया। उसकी तलाश में कई शहर और जंगल का कोना-कोना ड्रोन से खंगाल डाला गया, लेकिन कोई सुराग हाथ नहीं लगा। मामले में एसओजी भी पड़ताल कर रही है। मूलरूप से …

हल्द्वानी, अमृत विचार। खनन व्यवसायी की लापता पत्नी कोमल का आठ दिन बाद भी सुराग नहीं लगा। उसे आखिरी बार सीसीटीवी में भागते देखा गया। उसकी तलाश में कई शहर और जंगल का कोना-कोना ड्रोन से खंगाल डाला गया, लेकिन कोई सुराग हाथ नहीं लगा। मामले में एसओजी भी पड़ताल कर रही है।

मूलरूप से भवाली की रहने वाली कोमल की शादी बीते वर्ष 6 दिसंबर को रामपुर रोड स्थित जीतपुर नेगी निवासी सुबोध सुयाल पुत्र महेश सुयाल के साथ हुआ था। रामपुर रोड पर सुयाल परिवार का शिवालिक रेस्टोरेंट है, जिसे उन्होंने किराए पर दे दिया है। कास्तकारी के अलावा सुयाल परिवार खनन व्यवसाय से भी जुड़ा है। परिवार की मानें तो बीती 31 दिसंबर की शाम करीब साढ़े छह बजे कोमल अपनी सास रूपा देवी से यह कहकर निकलीं थीं कि वह टहलने जा रही है।

कोमल घर से खाली हाथ निकलीं थी और फिर लौट कर नहीं आईं। अंधेरा होने पर परिजनों ने पुलिस से संपर्क साधा और पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू कर दी। सीटीटीवी की पड़ताल में घर से तकरीबन दो किलोमीटर कोमल दिखाई दी, लेकिन संदेहास्पद हालत में। कोमल भागती हुई दिखाई दे रही थी, लेकिन यह साफ नहीं था कि वह खुद से भाग रही थीं या फिर कोई उनका पीछा कर रहा था।

पंचायत घर स्थित पेट्रोल पंप के पास लगे इस सीसीटीवी में कोमल आखिरी बार दिखाई दीं। जिसके बाद परिजनों हल्द्वानी में पोस्टर चस्पा कराए और नैनीताल, ऊधमसिंहनगर के कई शहरों में तलाश की। कोमल की तलाश में ड्रोन से शहर के बाहर स्थित जंगल भी खंगाले गए, लेकिन कहीं पता नहीं लगा।

संबंधित समाचार