हल्द्वानी: लो-वोल्टेज ने लोगों को रुलाया, घरेलू उपकरण भी फुंके

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। दिन-प्रतिदिन बढ़ते तापमान में अब लोगों की गर्मी कम होने की उम्मीद खत्म हो गई है। एक ओर गर्मी से लोगों का जीना मुहाल हो रहा है वहीं दूसरी ओर बिजली आपूर्ति ने लोगों को रुला कर दिया है। पिछले कई दिनों से लो-वोल्टेज की समस्या से लोग परेशान हो गए हैं। …

हल्द्वानी, अमृत विचार। दिन-प्रतिदिन बढ़ते तापमान में अब लोगों की गर्मी कम होने की उम्मीद खत्म हो गई है। एक ओर गर्मी से लोगों का जीना मुहाल हो रहा है वहीं दूसरी ओर बिजली आपूर्ति ने लोगों को रुला कर दिया है। पिछले कई दिनों से लो-वोल्टेज की समस्या से लोग परेशान हो गए हैं। यहीं नहीं शहर के कई मोहल्लों और उससे सटे ग्रामीण इलाकों में लो-वोल्टेज की समस्या से घरों के बिजली उपकरण खराब हो गए हैं।

मंगलवार को सुभाषनगर फीडर के नवाबी रोड का ट्रांसफार्मर फुंक गया। ऐसे में लोगों को दिनभर भीषण गर्मी में दिन गुजारने को मजबूर होना पड़ा। पार्षद रवि वाल्मीकि ने बताया कि कुल्यालपुरा मलिन बस्ती में बीती रात 12 घंटे बिजली गुल रही। बिजली विभाग के अधिकारियों से शिकायत करने के बाद भी मलिन बस्ती कुल्यालपुरा में आपूर्ति बहाल नहीं की गई। देर तक बिजली न आने पर लोगों के घरों में इनवेटर की व्यवस्था भी नहीं रही। ऐसे में लोग काफी नाराज दिखाई दिए।

इधर, ग्रामीण क्षेत्रों में भी बिजली आंखमिचौली खेलती रही। छोटी मुखानी स्थित लो-वोल्टेज के चलते कुछ क्षेत्रों में घरेलू बिजली उपकरण फुंकने की शिकायत सुनने को मिली। लो-वोल्टेज से उपभोक्ताओं को आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है। लोगों ने कहा कि बिजली विभाग समस्या का समाधान करने में फेल साबित हो गया है। स्थिति यह है कि आपूर्ति तो की जा रही, लेकिन उसका पूरा लाभ उन्हें नहीं मिल रहा। बुधवार को भी शहर में बिजली गुल की समस्या बनी रही। कई क्षेत्रों में लो-वोल्टेज की सप्लाई की जा रही है। इससे लोगों के घरों की पानी की मोटर तक नहीं चल रही है। साथ ही अन्य कोई भी उपकरण नहीं चल रहे हैं।

बढ़ती बिजली खपत से ऊर्जा निगम को लगी 6 लाख रुपये की चपत
पिछले 15 दिनों में लगातार बढ़ती बिजली की खपत से ऊर्जा निगम को भी आर्थिक नुकसान से गुजरना पड़ रहा है। विभाग से मिली जानकारी के अनुसार पिछले कुछ दिनों से लगातार बिजली के उपकरणों के फुंकने से विभाग को भारी नुकसान हो रहा है। यहीं नहीं बीती रात ट्रांसफार्मर फुंकने से भी ऊर्जा निगम को ढाई लाख की चपत लगी है।

पिछले साल के मुकाबले मई 2022 में बढ़ी 60 लाख की खपत
गर्मियों में तापमान दिन-प्रतिदिन रिकॉर्ड तोड़ रहा है। ऐसे में शहर में बिजली की मांग भी बढ़ गयी है। पिछले साल के मुकाबले इस साल मई में 60 लाख यूनिट बिजली की मांग बढ़ गयी है। जुलाई के अंत तक इसमें और बढ़ोतरी का अंदेशा जताया जा रहा है। ऊर्जा निगम से मिली जानकारी के अनुसार पिछले साल 2021 मई में 16 मिलियन यूनिट बिजली की खपत थी। इस वर्ष 2022 में केवल मई में ही 22 मिलियन यूनिट की खपत हुयी है। इसका मतलब इस साल मई में 60 लाख यूनिट यानी 6 मिलियन यूनिट की खपत बढ़ गई है। यह हाल तब है जब ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली की लगातार कटौती हो रही है।

बची नगर का नलकूप अभी भी नही हुआ ठीक, लोग परेशान
हल्द्वानी। भगवानपुर गौड़ गांजा, धुनी नंबर एक और बच्ची नगर का नलकूप खराब चल रहा है। इनकी मोटर ठीक नहीं होने की वजह से बुधवार को भी संबंधित क्षेत्रों में सप्लाई प्रभावित रही। इनमें दो सिंचाई विभाग के नलकूप हैं, जिसका पेयजल के लिए प्रयोग किया जाता है। वहीं एक जल संस्थान का नलकूप खराब चल रहा है। बच्ची नगर का नलकूप पिछले 15 दिनों से खराब चल रहा है। इस नलकूप की मोटर पखवाड़े भर में दो बार फुंक चुकी है। इस वजह से इस गांव के लोगों को पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है। वहीं सिंचाई विभाग का ही धुनी नंबर एक गांव का भी नलकूप अभी ठीक नहीं हुआ है। जल संस्थान के भगवानपुर गौड़ गांजा के नलकूप की मोटर का डिस्चार्ज कम होने की वजह से समस्या आ रही थी। अधिशासी अभियंता एसके श्रीवास्तव ने बताया कि मोटर ठीक की जा रही है।

संबंधित समाचार