हल्द्वानी: बिजली कटौती ने छुड़ाए छक्के, विभाग की सप्लाई व्यवस्था धड़ाम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। भीषण गर्मी में बिजली की बढ़ती डिमांड ने बिजली विभाग की सप्लाई व्यवस्था धड़ाम कर दी है। गुरुवार को भी बढ़ते लोड के कारण कई इलाकों में बिजली का संकट गहराता रहा। लोड सामान्य करने को लेकर विभाग को भी रोस्टिंग का सहारा लेना पड़ा। इस वजह से दोपहरी के भीषण ताप …

हल्द्वानी, अमृत विचार। भीषण गर्मी में बिजली की बढ़ती डिमांड ने बिजली विभाग की सप्लाई व्यवस्था धड़ाम कर दी है। गुरुवार को भी बढ़ते लोड के कारण कई इलाकों में बिजली का संकट गहराता रहा। लोड सामान्य करने को लेकर विभाग को भी रोस्टिंग का सहारा लेना पड़ा। इस वजह से दोपहरी के भीषण ताप के दौरान एक से दो घंटे की लगातार कटौती और फिर बिजली की आंखमिचौली ने पसीने छुड़ा दिए।

बिजली रोस्टिंग की यह समस्या सबसे ज्यादा नवाबी रोड और सेंटपॉल इलाके में हुई। डिमांड अत्यधिक होने से लोड बढ़ गया, जिस वजह से विभाग के उपकरणों पर इसका असर पड़ना शुरू हो गया। फौरन सुभाष नगर बिजलीघर से नवाबी रोड और सेंटपॉल फीडर को दाोपहर दो बजे बंद कर दिया गया। एक से दो घंटे यहां बिजली का संकट बना रहा। उसके बाद भी कई क्षेत्रों में बिजली आंखमिचौली करती रही। मुखानी रोड, जंगदंबा नगर में भी बिजली शाम छह बजे तक बार-बार जाने से लोगों को दुश्वारियां सहनी पड़ीं। नेनीताल रोड पर भी पॉलीशीट क्षेत्र में बिजली दोपहर 12 बजे से शाम छह बजे तक कई बार गई, जिससे लोगों का भी पारा चढ़ा रहा।

पॉलीशीट के लोगों का चढ़ा पारा, आंदोलन की चेतावनी
नैनीताल रोड पर बिजली गुल होने से लोगों का पारा चढ़ गया। पॉलीशीट के लोगों ने बिजली विभाग के खिलाफ रोष जाहिर करते हुए ज्ञापन भेजा, जिसमें उन्होंने सप्लाई व्यवस्था में सुधार नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।

शहर के वार्ड संख्या पांच के पॉलीशीट तुलसीनगर के रहने वाले लोगों का कहना है कि कई दिनों से बिजली विभाग की सप्लाई व्यवस्था लड़खड़ाई हुई है। दोपहर में जब बिजली की सबसे ज्यादा आवश्यकता होती है, तब बिजली की कटौती कर दी जाती है। बिना सूचना के बिजली की कई-कई बार कटौती से लोग परेशान हो गए हैं। पार्षद मुन्ना पोखरिया ने कहा कि ऐसा ही रहा तो आंदोलन करने को बाध्य होंगे। क्षेत्रवासियों में विक्रम सिंह अधिकारी, सविता गुरुरानी, हेम थापा, निर्मल, दीप दर्शन कन्याल, रेखा चौधरी, गीता देवी आदि शामिल थे।

लोगों का चढ़ा पारा तो लगाया दो साल से स्वीकृत ट्रांसफार्मर
मुखानी क्षेत्र के रूप नगर में लो-वोल्टेज से तंग लोगों का पारा चढ़ा तो विभाग को स्वीकृत ट्रांसफार्मर की याद आई। अब इस क्षेत्र में 100 केवीए का ट्रांसफार्मर लगाया गया है, जिसके बाद लो-वोल्टेज की समस्या काफी हद तक ठीक हुई।

भीषण गर्मी में बिजली की डिमांड लगातार बढ़ती जा रही है। ऐसी और अत्यधिक बिजली खींचने वाले उपकरणों का प्रयोग बढ़ने से ट्रांसफार्मर भी हल्के पड़ गए हैं। इसी समस्या के कारण रूप नगर में भी संकट गहरा रहा था। लोगों की दुश्वारियां बढ़ीं तो उन्होंने विभाग से एक और ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की। विरोध और लोगों के चढ़ते पारे के बाद विभाग ने नया ट्रांसफार्मर लगाया। एसडीओ वीबी जोशी ने बताया कि इस गली के लिए ट्रांसफार्मर दो साल से स्वीकृत था, लेकिन उस वक्त क्षेत्रवासी ही ट्रांसफार्मर नहीं लगने दे रहे थे। इस कॉलोनी में पहले से ही ढाई सौ और सौ केवीए के दो ट्रांसफार्मर थे अब कुल 450 केवीए की क्षमता के तीन ट्रांसफार्मर लगने से लो-वोल्टेज की समस्या हल हो गई है।

संबंधित समाचार