नहीं जाती ओखलकांडा सड़क हादसे में मां-बेटे समेत पांच की जान, अगर बदहाल सड़क, खराब नेटवर्क और अस्पताल में सुविधाओं का टोटा दूर कर देती सरकार
हल्द्वानी, अमृत विचार। देवभूमि उत्तराखंड में एक के बाद एक सड़क हादसे हो रहे हैं। अब हल्द्वानी से रिठा साहब जा रही बोलेरो ओखलकांडा ब्लॉक के अधौड़ा मोटर मार्ग पर कोरा गांव के पास करीब 500 मीटर गहरी खाई में गिरकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई जबकि ड्राइवर गंभीर …
हल्द्वानी, अमृत विचार। देवभूमि उत्तराखंड में एक के बाद एक सड़क हादसे हो रहे हैं। अब हल्द्वानी से रिठा साहब जा रही बोलेरो ओखलकांडा ब्लॉक के अधौड़ा मोटर मार्ग पर कोरा गांव के पास करीब 500 मीटर गहरी खाई में गिरकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई जबकि ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा गुरुवार देर शाम करीब आठ बजे के बीच हुआ। वहीं घटना पर ट्वीट कर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शोक जताया है।
इस हादसे ने एक बार फिर ओखलकांडा क्षेत्र की बदहाल सड़कों, खराब नेटवर्क और अस्पताल में सुविधाओं के अभाव की पोल खोल कर रख दी है। शुक्रवार सुबह तक रेस्क्यू अभियान जारी रहा। ग्रामीण कह रहे हैं कि अगर समय रहते सरकार मूलभूत समस्याओं के निदान पर गंभीर हो जाती तो पांच लोगों को असमय काल का मुंह में नहीं समाना पड़ता। काश हादसे का दुख जताने के बजाय सरकार व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में भी तेजी दिखाती।
देखें रेस्क्यू वीडियो:
ग्रामीणों के अनुसार, जिस मार्ग पर यह हादसा हुआ, वह मार्ग पूरी तरह से जर्जर और खस्ताहाल है। सड़क पर पैराफीट भी नहीं हैं। क्षेत्र में मोबाइल नेटवर्क ठीक न होने के कारण हादसे की सूचना समय पर नहीं मिल पाई। वहीं, घायल चालक भी इलाज के अभाव में तड़पता रहा। ग्रामीणों के अनुसार, लंबे समय से क्षेत्र की सड़कों, नेटवर्क और अस्पतालों की हालत को लेकर मांग उठाई गई लेकिन प्रशासन और सरकार के स्तर पर कोई सुनवाई नहीं हुई।
मृतकों में मां-बेटे भी शामिल हैं। हादसे में मृतकों की पहचान ग्राम मटेला पोस्ट पातलोट निवासी हेमा देवी पत्नी महेश मटियाली उम्र 32 वर्ष, राहुल मटियाली पुत्र महेश मटियाली उम्र नौ वर्ष और नंदन पुत्र महेश मटियाली उम्र चार वर्ष, बसंत सिंह पुत्र तेज सिंह 42 वर्ष निवासी तोला रैकुनी निवासी रीठा साहिब, सुरेन्द्र सिंह पुत्र भूपाल 40 वर्ष निवासी चौड़ा रीठा साहिब के रूप में हुई। जबकि घायल चालक रहीश सिंह को हल्द्वानी उपचार के लिए भेजा गया है।
जानकारी के मुताबिक, देर शाम को ग्रामीणों को खाई में कुछ गिरने की तेज आवाज आई। जिसके बाद ग्रामीणों ने अपने स्तर पर ही रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि घटना के दो घंटे बाद भी मौके पर कोई प्रशासनिक या राजस्व अधिकारी तक नहीं पहुंचा।
हालांकि पुलिस के अनुसार, सूचना प्राप्त होते ही थानाध्यक्ष मुक्तेश्वर और सीओ भवाली प्रमोद कुमार साह तत्काल मौके पर पहुंचे। दुर्घटना स्थल की भयावहता को देख एसएसपी पंकज भट्ट ने तत्काल एसडीआरएफ को मौके के लिए रवाना किया और राहत एवं बचाव कार्यों की कमान एसपी सिटी हरबंस सिंह को सौंपी।
शवों को निकालने का कार्य रात भर जारी रहा। शुक्रवार सुबह पुलिस ने शवों का पंचायतनामा किया और डॉक्टरों की टीम ने मौके पर ही शवों का पोस्टमार्टम किया। शवों को परिजनों सौंप दिया गया। मौके पर भीमताल विधायक राम सिंह कैड़ा मौजूद रहे।
