काशीपुर: नियम ताक पर रखना पड़ा भारी, 47 ई-रिक्शा समेत 50 वाहनों का चालान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

काशीपुर, अमृत विचार। मानकों को ताक पर रखकर सड़कों पर फर्राटा भर रहे ई-रिक्शा चालकों से परिवहन विभाग सख्ती से निपट रहा है। परिवहन विभाग ने पुलिस की मदद से 47 ई-रिक्शा समेत 50 वाहनों का चालान कर 15 ई-रिक्शा सीज किए हैं। दरअसल क्षेत्र में पांच हजार से अधिक ई-रिक्शा संचालित हैं। इसमें 3600 …

काशीपुर, अमृत विचार। मानकों को ताक पर रखकर सड़कों पर फर्राटा भर रहे ई-रिक्शा चालकों से परिवहन विभाग सख्ती से निपट रहा है। परिवहन विभाग ने पुलिस की मदद से 47 ई-रिक्शा समेत 50 वाहनों का चालान कर 15 ई-रिक्शा सीज किए हैं।

दरअसल क्षेत्र में पांच हजार से अधिक ई-रिक्शा संचालित हैं। इसमें 3600 ई-रिक्शा ही परिवहन विभाग में पंजीकृत हैं। इनमें से 2853 ई-रिक्शा परिवहन विभाग में कर जमा किए बगैर सड़कों पर दौड़ रहे हैं। इन पर 3 करोड़ से अधिक का बकाया चला आ रहा है। कर जमा नहीं होने पर ई-रिक्शाओं की फिटनेस भी नहीं हो पा रही है। परिवहन विभाग पुलिस की मदद से यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने, बिना टैक्स जमा करने वाले वाहनों के खिलाफ अभियान चला रहा है।

शुक्रवार को एआरटीओ एके झा के नेतृत्व में परिवहन विभाग की टीम, पुलिस, सीपीयू की संयुक्त टीम ने एक साथ मिलकर एमपी चौक, चैती चौराहा, टांडा तिराहा और रामनगर रोड पर चेकिंग अभियान चलाया। जिसके चलते प्रपत्रों के अभाव व मानकों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों में हड़कंप मच गया। कई वाहन चालक टीम को देखकर रास्ते से ही वापस लौट गए।

एआरटीओ एके झा ने बताया कि बिना पंजीयन, बिना फिटनेस, बिना कर जमा किए, बिना ड्राइविंग लाइसेंस, बिना बीमा के सड़कों पर दौड़ रहे 47 ई-रिक्शाओं का चालान कर 15 सीज की गई है, जबकि 3 अन्य वाहनों का भी चालान किया गया। करीब बीस दिनों में अब तक करीब 150 ई-रिक्शाओं के चालान और करीब 60 ई-रिक्शा सीज हो चुकी हैं। टीम में परिवहन कर अधिकारी प्रमोद कर्नाटक, विजय आर्य, पवन कुमार, सीपीयू एसआई नवीन सुयाल, सोनू, रवींद्र, अरविंद, अनिल, दलवीर, गिरीश चंद्र सती आदि मौजूद रहे।

संबंधित समाचार