बदायूं: पीड़ित की तहरीर बदलवाकर पुलिस ने दर्ज की रिपोर्ट
बदायूं/उघैती, अमृत विचार। थाना उघैती क्षेत्र के एक गांव से तीन युवकों ने तमंचे के बल पर किशोरी का अपहरण कर लिया। किशोरी घर नहीं पहुंची तो परिजनों ने रात में उसकी तलाश की। शनिवार को सुबह के समय गांव खितौरा के एक खेत में किशोरी रोती मिली। परिजनों ने आरोपियों पर तमंचे के बल …
बदायूं/उघैती, अमृत विचार। थाना उघैती क्षेत्र के एक गांव से तीन युवकों ने तमंचे के बल पर किशोरी का अपहरण कर लिया। किशोरी घर नहीं पहुंची तो परिजनों ने रात में उसकी तलाश की। शनिवार को सुबह के समय गांव खितौरा के एक खेत में किशोरी रोती मिली। परिजनों ने आरोपियों पर तमंचे के बल पर अपहरण करने का आरोप लगाया। रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की लेकिन थाना पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर ही बदलवा दी और अपनी इच्छा के अनुसार बहला फुसलाकर ले जाने की तहरीर लेकर रिपोर्ट दर्ज करा ली।
एक गांव निवासी 15 वर्षीय किशोरी 10 जून को देर शाम लगभग 7 बजे अपने गांव के पास बाजरे के खेत में शौच के लिए जा रही थी। दो अपाचे बाइक सवार आए और किशोरी की कनपटी पर तमंचा रखकर दबोच लिया। किशोरी के मुंह में कपड़ा ठूंसा और अपने साथ बाइक पर बैठाकर ले गए। तकरीबन आधा घंटे तक किशोरी घर नहीं पहुंची तो परिवार को चिंता हुई। अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। किशोरी को इधर-उधर तलाश किया लेकिन सुराग नहीं लग सका।
शनिवार को सुबह लगभग 4 बजे किशोरी के पिता के पास एक भट्टे पर काम करने वाले व्यक्ति का फोन आया कि किशोरी गांव से लगभग 10 किलोमीटर दूर थाना उघैती क्षेत्र के गांव खितौरा में भट्टे के पास मक्का के खेत की मेड़ पर रो रही है। परिजन किशोरी के पास पहुंचे और किशोरी को तलाश करने लगे। उसी दौरान खेत से तीन लोग निकलकर भागे। परिजनों ने उन्हें पकड़ने की कोशिश की लेकिन वह छुड़ाकर भाग गए। मौके पर आरोपियों का मोबाइल और पर्स गिर गया।
परिजनों ने सहसवान तक उनका पीछा किया लेकिन वह भाग गए। किशोरी ने कहा कि आरोपी उसे नशा सुंघाकर ले गए थे। उसके बाद उसे पता नहीं क्या हुआ था। परिजनों ने थाने जाकर तहरीर दी। पुलिस ने मामले को दबाना शुरू कर दिया। पीड़ित की मां ने पहली तहरीर दी लेकिन पुलिस उस तहरीर को नजरअंदाज करते हुए पीड़ित के पिता से दूसरी बहला फुसलाने की तहरीर लिखवा ली जबकि तमंचा और दुष्कर्म की बात को हटा दिया। पुलिस ने पीड़ित किशोरी का मेडिकल कराना उचित नहीं समझा।
परिजनों ने बताया कि पुलिस ने दूसरी तहरीर लिखवाई है जबकि उन्होंने पुलिस से कहा था कि पहली तहरीर पर कार्रवाई करें। पुलिस ने जबरदस्ती अंगूठा लगवा लिया। कहा कि अगर पुलिस ने पहली तहरीर के आधार पर कार्रवाई नहीं की तो उच्चाधिकारियों से शिकायत करेंगे। एसओ राजीव कुमार तोमर ने बताया कि युवती और उसके पिता की अलग-अलग बात है। संदिग्ध लग रहा है। पूछताछ करने के बाद सही जानकारी सामने आने के बाद दूसरी तहरीर ली गई थी। पुलिस पर दबाव बनाकर तहरीर बदलवाने का आरोप गलत है।
ये भी पढ़ें- बदायूं: जेठ दशहरा पर कछला घाट पर उमड़ा आस्था का सैलाब
