देहरादून: स्वर्ण पदक प्राप्त कर नीरज ने बढ़ाया उत्तराखंड का मान
देहरादून,अमृत विचार। भारतीय सैन्य अकादमी (आईएमए) देहरादून में जब पासिंग आउट परेड में 288 जांबाज भारतीय सेना में शामिल हुए तो उनके माता और पिता का सिर गर्व से और ऊंचा हो गया। इस मौके पर ऊधमसिंह नगर जिले के नीरज सिंह पपोला को परीक्षा में फर्स्ट रैंक आने पर जब स्वर्ण पदक दिया गया, …
देहरादून,अमृत विचार। भारतीय सैन्य अकादमी (आईएमए) देहरादून में जब पासिंग आउट परेड में 288 जांबाज भारतीय सेना में शामिल हुए तो उनके माता और पिता का सिर गर्व से और ऊंचा हो गया। इस मौके पर ऊधमसिंह नगर जिले के नीरज सिंह पपोला को परीक्षा में फर्स्ट रैंक आने पर जब स्वर्ण पदक दिया गया, तो उनके माता-पिता की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। पपोला कुमाऊं रेजीमेंट में अफसर बने हैं। अपनी उपलब्धि से उन्होंने परिवार के साथ जिले और प्रदेश का भी मान बढ़ाया है।
मूल रूप से बागेश्वर के परगढ़ पापली हाल निवासी खटोल, दिनेशपुर निवासी गोविंद सिंह पपोला के पुत्र नीरज पपोला आईएमए परीक्षा पहली रैंक से पास आउट हुए हैं। नीरज ने सैनिक स्कूल से 12वीं तक की पढ़ाई पूरी कर पहले प्रयास में एनडीए की परीक्षा, दूसरी रैंक प्राप्त कर पास की थी। इसके बाद इन्होंने भारतीय सैन्य अकादमी में प्रशिक्षण लिया।
आईएमए पासिंग आउट परेड में नीरज पपोला को वेस्ट बंगाल के लेफ्टिनेंट जनरल अमरदीप सिंह ने गोल्ड मेडल पहनाकर सम्मानित किया। नीरज के पिता गोविंद पपोला कुमाऊं रेजीमेंट में नायब सूबेदार पद पर हैं और वेस्ट बंगाल में तैनात हैं जबकि मां खष्टी पपोला गृहिणी हैं। बेटी गुंजन पपोला भीमताल से बीएससी एग्रीकल्चर की छात्रा हैं। बेटे की इस उपलब्धि पर परिवार में हर्ष का माहौल है। पिता गोविंद ने बताया कि उनके बेटे नीरज की रैंक से वह काफी खुश हैं।
