रुद्रपुर: कौशल विकास योजना की टी-शर्ट पहन मोदी मैदान में बेच रहा था स्मैक, धरा गया

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रुद्रपुर, अमृत विचार। थाना ट्रांजिट कैंप पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से स्मैक बेच रहे दो लोगों को गिरफ्तार किया है। जिनके पास से पुलिस ने कुल 13.01 ग्राम स्मैक बरामद की है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस के अनुसार, एसआई मनोज कुमार अपने साथियों के साथ क्षेत्र में …

रुद्रपुर, अमृत विचार। थाना ट्रांजिट कैंप पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से स्मैक बेच रहे दो लोगों को गिरफ्तार किया है। जिनके पास से पुलिस ने कुल 13.01 ग्राम स्मैक बरामद की है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

पुलिस के अनुसार, एसआई मनोज कुमार अपने साथियों के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। तभी मुखबिर ने आकर सूचना दी कि मोदी मैदान में एक व्यक्ति स्मैक बेचने की फिराक में खड़ा है। जिस पर पुलिस ने मुखबिर के बताये स्थान पर छापा मारा तो मोदी मैदान में पेड़ की आड़ में एक व्यक्ति प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना की टी-शर्ट पहनकर खड़ा हुआ था। जो पुलिस को देख भागने लगा। शक होने पर पुलिस ने उसे दौड़कर पकड़ लिया। तलाशी लेने पर पुलिस को उसके पास से 10.22 ग्राम स्मैक बरामद हुई।

आरोपी ने अपना नाम असदनगर थाना मीरगंज, बरेली, यूपी हाल निवासी अम्बेडकर पार्क निवासी रमेश चंद्र बताया। उसने पूछताछ में बताया कि वह यह स्मैक कुछ दिन पहले आंवला, बरेली के खेलम मौलिया गांव से 20 हजार रुपये में खरीद कर लाया था। उधर, पुलिस ने गश्त के दौरान मुखबिर की सूचना पर पंचवटी कॉलोनी गेट के पास से स्मैक बेचने के लिए खड़े ठाकुरनगर निवासी कृष्णा दास को गिरफ्तार किया। जिसके पास से पुलिस को 2.79 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने दोनों को न्यायालय में पेश किया। जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

संबंधित समाचार