रुद्रपुर: यूपी की कंपनी बनायेगी गरीबों के आशियाने
रुद्रपुर, अमृत विचार। शहर में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्धनों को छत मिलने का रास्ता साफ हो गया है। उत्तर प्रदेश की एक कंपनी ने मोदी मैदान में 1800 आवास बनाने के लिये डेरा डाल दिया है। अगले तीन साल में प्रोजेक्ट पूरा होने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जिला विकास प्राधिकरण की …
रुद्रपुर, अमृत विचार। शहर में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्धनों को छत मिलने का रास्ता साफ हो गया है। उत्तर प्रदेश की एक कंपनी ने मोदी मैदान में 1800 आवास बनाने के लिये डेरा डाल दिया है। अगले तीन साल में प्रोजेक्ट पूरा होने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
जिला विकास प्राधिकरण की ओर से आवासीय योजना के लिये किच्छा बाईपास स्थित मोदी मैदान का चयन किया गया है। लंबी टेंडर प्रक्रिया के बाद पड़ोसी जिले उत्तर प्रदेश के रामपुर की अभिलाषा इंटरप्राइजेज को 1800 आवास बनाने का काम दिया गया है। सोमवार को इस संस्था की टीम ने मोदी मैदान में डेरा जमाने का काम शुरू कर दिया।
पहले चरण में संस्था अपने अस्थायी दफ्तर का काम कर रही है। इसके बाद फ्लैट कल्चर में आवास निर्माण शुरू होगा। योजना में तीन मंजिला भवन बनेंगे। हर मंजिल पर एक फ्लैट होगा। इस योजना पर तरकीबन सौ करोड़ रुपये का खर्च होने की उम्मीद है। यहां बता दें कि इस कंपनी के पास देहरादून व अल्मोड़ा में भी प्रधानमंत्री आवासीय योजना का काम है। देहरादून में पिछले डेढ़ साल से काम चल रहा है जबकि अल्मोड़ा में अभी काम शुरू नहीं हो सका है।
हरीश रावत ने किया था शिलान्यास
रुद्रपुर। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत जिला मुख्यालय पर बनने वाले आवासों का शिलान्यास साढ़े पांच साल पहले तत्कालीन मुख्यमंत्री हरीश रावत ने किया गया था। तब मात्र भूमि का चयन किया गया था लेकिन चुनावी लाभ लेने के मकसद से अधिसूचना जारी होने से ऐन पहले इस योजना का शिलान्यास कर दिया गया था। प्रधानमंत्री की इस महत्वाकांक्षी योजना की कागजी प्रक्रिया पूरी होने में साढ़े पांच साल का वक्त लग गया।
