लखनऊ: नगर निगम की भ्रष्टाचार निवारण सेल घोटालों पर लगाएगी लगाम
लखनऊ। भ्रष्टाचार और घोटालों ने नगर निगम की छवि धूमिल कर रखी है। लगातार हो रहे घोटाले से निगम की आर्थिक हालत भी पतली हो गई है। साथ ही दोषियों पर कार्रवाई नहीं होने से उनके हौसले भी बुलंद हैं। सोमवार को नगर निगम के बजट सत्र में भ्रष्टाचार का मुद्दा गरमाया रहा। इसके बाद …
लखनऊ। भ्रष्टाचार और घोटालों ने नगर निगम की छवि धूमिल कर रखी है। लगातार हो रहे घोटाले से निगम की आर्थिक हालत भी पतली हो गई है। साथ ही दोषियों पर कार्रवाई नहीं होने से उनके हौसले भी बुलंद हैं। सोमवार को नगर निगम के बजट सत्र में भ्रष्टाचार का मुद्दा गरमाया रहा। इसके बाद महापौर ने भ्रष्टाचार निवारण सेल के गठन को मंजूरी दे दी है।
दरअसल, नगर निगम में घोटालों की लंबी फेहरिस्त है। इसमें कूड़ा गाड़ी खरीद, गाड़ियों के पार्ट्स खरीद, चूना खरीद, कोरोना उपकरण सेनिटाइजर, मास्क, सफाई कर्मियों के लिए उपकरण, झालर, यूजर चार्ज वसूली, सफाईकर्मियों का ईपीएफ-ईएसआई घोटाला आदि शामिल हैं। इनके अलावा भुगतान में कमीशनबाजी के मामले यहां परिपाटी बन चुका है।
भ्रष्टाचार के मामलों के खुलासे के बाद जांच में दोषियों पर भी नगर निगम अब तक कार्रवाई नहीं कर पाया है। झालर और गाड़ियों के पार्ट खरीद में दोषी पाए गए एक मुख्य अभियंता पर आज भी आला अफसर मेहरबान हैं। कार्रवाई करना तो दूर उन्हें पद से हटाने की भी हिम्मत नहीं कर पा रहे हैं। यही हाल कई अन्य मामलों में भी है। अब देर से ही सही महापौर संयुक्ता भाटिया ने नगर निगम में भ्रष्टाचार के खिलाफ सेल बनाने की घोषणा की है। भ्रष्टाचार निवारण सेल का गठन कब होगा और यह कैसे कार्य करेगा, यह निर्णय नगर आयुक्त के स्तर से लिया जाएगा।
नाला सफाई के सत्यापन दबाई गई रिपोर्ट, मेयर के आदेश बेमानी
महापौर संयुक्ता भाटिया ने पिछले महीने नाला सफाई कार्यों का भौतिक सत्यापन किया तो उन्हें गड़बड़झाला मिला। उन्होंने अधिकारियों को नाला सफाई के सत्यापन का निर्देश दिया था। जिसके बाद अपर नगर आयुक्त अभय पांडे ने सभी 110 वार्डों में इसके लिए नोडल अधिकारी नामित किए थे। लगभग एक महीना बीतने को है लेकिन रिपोर्ट अब तक नहीं आई है, जिससे महापौर के निर्देश भी बेमानी साबित हो रहे हैं।
वार्डों में सत्यापन का कार्य चल रहा है। नोडल अधिकारी अपने क्षेत्रों में सत्यापन का कार्य कर रहे हैं। जल्द ही रिपोर्ट मंगाकर आगे की कार्रवाई की जाएगी…अजय कुमार द्विवेदी, नगर आयुक्त।
यह भी पढ़ें:-हल्द्वानी: कूड़े का भार नहीं सह सकी ट्रंचिंग ग्राउंड की दीवार, फिर खुली नगर निगम की पोल
