बहराइच: परेशान शिक्षकों ने डीएम कार्यालय के सामने किया प्रदर्शन, प्रबंधक की शिकायत की तो शिक्षकों को मिल गया नोटिस
अमृत विचार, बहराइच। संत पथिक विद्यालय के शिक्षकों ने वेतन अनियमितता समेत अन्य मामलों को लेकर जिलाधिकारी से शिकायत कर दी। इससे नाराज प्रबंधक ने सभी शिक्षकों को नोटिस जारी करते हुए धमकी दी। परेशान शिक्षकों ने डीएम कार्यालय के सामने प्रदर्शन कर न्याय की मांग की। लखनऊ रोड स्थित संत पथिक विद्यालय के शिक्षकों …
अमृत विचार, बहराइच। संत पथिक विद्यालय के शिक्षकों ने वेतन अनियमितता समेत अन्य मामलों को लेकर जिलाधिकारी से शिकायत कर दी। इससे नाराज प्रबंधक ने सभी शिक्षकों को नोटिस जारी करते हुए धमकी दी। परेशान शिक्षकों ने डीएम कार्यालय के सामने प्रदर्शन कर न्याय की मांग की।
लखनऊ रोड स्थित संत पथिक विद्यालय के शिक्षकों ने 22 मार्च को जिलाधिकारी डॉक्टर दिनेश चंद्र को शपथ पत्र देकर वेतन अनियमितता, अपूर्ण सेवा पुस्तिका और मानसिक तथा आर्थिक उत्पीड़न का आरोप लगाया था। डीएम ने विद्यालय प्रबंधन से जवाब मांगा था। शिक्षकों की शिकायत से नाराज प्रबंधन ने सभी को नोटिस जारी कर जवाब मांगा। साथ ही जवाब न देने पर सभी को विद्यालय से निकालने की धमकी दी।
इस पर सभी शिक्षक गुरुवार को डीएम कार्यालय पहुंचे। यहां पर सभी ने प्रबंधक और प्रधानाचार्य के विरुद्ध नारेबाजी करते हुए न्याय की मांग की। सभी का कहना है कि शिकायत वापस लेने और शपथ पत्र लिखकर देने की मांग की जा रही है। इससे सभी मानसिक तनाव में हैं। सभी का कहना है कि यदि कुछ होता है तो प्रबंधक और प्रधानाचार्य की जिम्मेदारी होगी। इस दौरान अटल सिंह, मंदीप कौर, दिलीप वर्मा समेत सभी नोटिस पाने वाले शिक्षक मौजूद रहे।
नोटिस में मांगा गया जवाब
संत पथिक विद्यालय के शिक्षकों द्वारा धरना देने और नौकरी से निकाले जाने के मामले में प्रबंधक अवध नारायण अग्रवाल से बात की गई तो उन्होंने बताया कि सभी शिक्षकों ने डीएम से छह बिंदुओं पर शिकायत की थी। जिसमें एक बिंदु पर प्रबंधक को स्कूल में आने की कोई जरूरत नहीं है, लिखा गया था। उसी का जवाब मांगा गया है। इसका जवाब शिक्षक दें, किस कानून में लिखा है कि प्रबंधक स्कूल न आएं।
पढ़ें-बहराइच: डीएम के निरीक्षण में अनुपस्थित मिले अधिकारी, स्पष्टीकरण तलब
