अग्निपथ योजना के विरोध प्रदर्शन को लेकर अमरोहा में अलर्ट, एसपी ने कहा- अफवाहों पर न दें ध्यान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमरोहा, अमृत विचार। अग्नि पथ योजना को लेकर देश भर में विरोध किया जा रहा है। इसके मददेनजर जिले भर में अलर्ट किया गया है। एसपी विनीत जायसवाल ने रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और टोल प्लाजा की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। यहां पर अतिरिक्त पुलिस फोर्स तैनात की गई है। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों …

अमरोहा, अमृत विचार। अग्नि पथ योजना को लेकर देश भर में विरोध किया जा रहा है। इसके मददेनजर जिले भर में अलर्ट किया गया है। एसपी विनीत जायसवाल ने रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और टोल प्लाजा की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। यहां पर अतिरिक्त पुलिस फोर्स तैनात की गई है। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि अपने-अपने क्षेत्र में भ्रमण पर रहें।

पुलिस अधीक्षक ने जनपद में अग्निपथ योजना के विरोध प्रदर्शन के तहत जनपद में कानून व शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए शनिवार को अमरोहा नगर रेलवे स्टेशन का भ्रमण कर जीआरपी एवं आरपीएफ के सम्बन्धित अधिकारी से वार्ता कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। पूरे स्टेशन परिसर की निगरानी सीसीटीवी के माध्यम से कन्ट्रोल रूम से की जा रही है। पर्याप्त पुलिस एवं सुरक्षा बल आवश्यक दंगा निरोधी उपकरणों के साथ तैनात रहने के निर्देशित किया गया। साथ ही सभी को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी शरारती एवं अराजकतत्वों के साथ कठोरता से निपटा जाए तथा शांति पूर्ण तरीके से अपनी बात,समस्या,शिकायत रखने वाले को सुना जाए और उसकी बात को उचित माध्यम से सम्बन्धित तक पहुंचाया जाए। अराजकता फ़ैलाने या ऐसी कोशिश करने वाले तत्वों के विरुद्ध कठोर कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।

अफवाहों पर न दें ध्यान-अधिकारी
अग्निपथ योजना का देश भर में कई स्थानों पर युवा विरोध कर रहे हैं। जिले में भी सेना की भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं को समझाने के लिए एसपी विनीत जायसवाल, सीओ और सभी थाना प्रभारी सुबह ही मैदान में उतर गए। खेल मैदान और मिनी स्टेडियम में कर रहे तैयारी के दौरान युवाओं से संवाद किया और कहा कि अफवाहों पर ध्यान न दें। जिले में धारा 144 लागू है, सोशल मीडिया पर भी पैनी नजर रखी जा रही है। मेहनत के साथ अपनी तैयारी करो। शनिवार को पुलिस अधीक्षक द्वारा प्रात:काल से ही जनपद के विभिन्न ग्राउंड, स्टेडियम का भ्रमण कर सेना की भर्ती की तैयारी कर रहे छात्रों से सीधा संवाद किया गया। अभ्यार्थियों से जनपद में कानून व शांति व्यवस्था अक्षुण बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई। छात्रों को बताया गया कि अफवाहों पर ध्यान न दें। सड़कों पर या अन्य सार्वजनिक स्थानों पर विधि विरुद्ध जमावड़ा न लगाएं। अभ्यार्थियों को बताया गया कि अगर कोई समस्या है, तो शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात, समस्या, शिकायत, सुझाव रखें। जिसे पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा संज्ञान में लेकर सम्बंधित स्तर तक उनकी बात पहुंचाई जाएगी। किसी के भी बहकावे में आकर कानून को अपने हाथ में कभी ना लें।

कानून व्यवस्था बनाये रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म (ट्विटर, व्हाट्सएप, फेसबुक, इंस्टाग्राम, यू-ट्यूब आदि) पर चौबीस घंटे सतर्क निगरानी रखी जा रही है। जनपद में भारी पुलिस बल, पीएसी विभिन्न स्थानों पर तैनात है। जिनके द्वारा लगातार फ्लैगमार्च करते हुए कानून व्यवस्था को सुदृढ़ किया जा रहा है। सभी को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि किसी भी शरारती, अराजकतत्वों के साथ कड़ाई से निपटा जाएगा। जनपद में अमन-चैन, शांति सौहार्द एवं कानून व्यवस्था बनाये रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें। हसनपुर, अमरोहा कोतवाली, मंडी धनौरा, डिडौली, सैदनगली समेत सभी थाना प्रभारियों ने अपने-अपने क्षेत्र में युवाओं से संवाद किया।

अग्निपथ के विरोध में डीएम को सौंपा ज्ञापन
राष्ट्रीय लोकदल के कार्यकर्ताओं ने अग्निपथ योजना के विरोध में नारेबाजी कर राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपा। जिसमें मांग की गई कि सरकार युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ कर रही है। इस योजना के लागू होने से युवाओं के दिलों में कुंठा रहेगी। शनिवार को जिला अध्यक्ष सचिन चौधरी के नेतृत्व में कार्यकर्ता एकत्र होकर कलेक्ट्रेट पहुंचे और डीएम को ज्ञापन सौंपा। जिसमें कहा कि सेना में पिछले तीन साल कोई भर्ती नहीं हुई है। इस प्रकार की भर्ती से उन युवाओं को मानसिक आघात पहुंचा है,जो कई साल से खून पसीना एककर भर्ती की तैयारी कर रहे हैं। इस योजना से सेवानिवृत्त होने के बद जवानों को न तो पेंशन मिलेगी और न ही स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा और न ही सेना की कैंटीन से सामान खरीद सकते हैं। चार साल का सेवाकाल 6 महीने ट्रेनिंग में निकल जाएगा। कार्यकर्ताओं ने मांग की इस योजना को वापस लिया जाए। इस दौरान पूर्व राज्यमंत्री मनवीर सिंह चिकारा, जितेंद्र प्रताप सिंह,प्रशांत औलख,धर्मवीर सिंह, राजीव राठी,सतीश, विक्रम सिंह, कुलदीप चौधरी, विवेक चौधरी आदि मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : ‘युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ है अग्निपथ योजना’, रालोद ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर राष्ट्रपति को भेजा ज्ञापन

संबंधित समाचार