बरेली: पैगंबर विवाद को लेकर आज शहर में बड़ा प्रदर्शन, अलर्ट मोड पर पुलिस-प्रशासन, चप्पे-चप्पे पर नजर
बरेली, अमृत विचार। नूपुर शर्मा के बयान को लेकर प्रदेश में कई जगह बवाल हो चुका है। पुलिस-प्रशासन के लिए रविवार यानि आज का दिन इस्लामिया मैदान में होने वाला प्रदर्शन बड़ी चुनौती बना हुआ है। बतादें कि पैगंबर-ए-इस्लाम पर टिप्पणी के खिलाफ आईएमसी प्रमुख मौलाना तौकीर रजा खां ने 17 जून को धरने का ऐलान किया …
बरेली, अमृत विचार। नूपुर शर्मा के बयान को लेकर प्रदेश में कई जगह बवाल हो चुका है। पुलिस-प्रशासन के लिए रविवार यानि आज का दिन इस्लामिया मैदान में होने वाला प्रदर्शन बड़ी चुनौती बना हुआ है। बतादें कि पैगंबर-ए-इस्लाम पर टिप्पणी के खिलाफ आईएमसी प्रमुख मौलाना तौकीर रजा खां ने 17 जून को धरने का ऐलान किया था, लेकिन प्रयागराज, सहारानपुर आदि शहरों में धरने के बाद बवाल हो गया। इसके चलते डीएम ने जिले में धारा 144 लागू कर दी थी। ऐसे में अब यह धरना 19 जून यानी आज होना है। हालांकि, प्रशासन किसी भी स्थिति से निपटने के लिए अलर्ट मोड पर है। पूरे शहर में ड्रोन से नजर रखी जा रही है।
बरेली में 2 बजे से 5 बजे तक धरने का ऐलान
बरेली में धरने के नाम पर किसी तरह का बवाल न हो। इसलिए बरेली के जिला प्रशासन और पुलिस अफसरों ने यहां धरना न करने के निर्देश दिए थे। मौलाना ने पत्रकारों से बात कर रविवार को 2 बजे से 5 बजे तक धरना कराने का फैसला लिया है। आइएमसी ने 19 जून के कार्यक्रम के लिए डीएम से अनुमति के लिए आवेदन भी दिया है।
वही सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन कोई चूक नहीं करना चाहता है। इसे लेकर शहर के कई संवेदनशील इलाकों के साथ ही इस्लामिया मैदान के आसपास फोर्स तैनात कर दी गई है।
पांच एडिशनल एसपी, 10 सीओ संभालेंगे कमान
रविवार को होने वाले प्रदर्शन के दौरान पांच एडिशनल एएसपी, 10 सीओ, 50 इंस्पेक्टर, 300 सब-इंस्पेक्टर, लगभग 1500 कांस्टेबल ड्यूटी पर तैनात रहेंगे। इसके साथ ही सात कंपनी पीएसी, दो कंपनी आरएएफ फोर्स इस्लामिया मैदान में लगाई गई है। इस्लामिया इंटर कालेज के मैदान के सभी रास्तों पर पुलिस तैनात कर दी गई है। प्रदर्शन 2 बजे से लेकर शाम 5 बजे तक चलेगा। इस दौरान आसपास के रास्तों को बंद कर दिया जाएगा। बिहारीपुर चौकी के आसपास पुलिस की लोगों पर निगरानी रहेगी।
पांच ड्रोन कैमरों की निगरानी में रहेगा शहर
पुलिस विभाग ने शहर पर निगरानी रखने के लिए पांच ड्रोन कैमरों को लगाया है। इस्लामिया मैदान में दो ड्रोन कैमरे जब तक प्रदर्शन चलेगा आसमान से निगरानी करेंगे । तीन ड्रोन कैमरों को अतिसंवेदनशील इलाकों में निगरानी रखने के लिए लगाया गया है। एक ड्रोन कैमरा दो से चार किलोमीटर तक के क्षेत्र की निगरानी करेगा। लगभग 400 मीटर ऊंचाई से निगरानी की जाएगी।
यह भी पढ़ें- बरेली: एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने शुरू की स्नातक में प्रवेश की तैयारी, 25 जून तक दिशा निर्देश हो सकते हैं जारी
