हल्द्वानी: अग्निपथ के विरोध में माले ने फूंका मोदी सरकार का पुतला, राजा बहुगुणा बोले- सेना के ठेकाकरण की कोशिश

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। भाकपा माले ने अग्निपथ योजना को अविलंब वापस लेने की मांग को लेकर आज कार रोड चौराहा बिन्दुखत्ता में मोदी सरकार का पुतला फूंका। इससे पूर्व कार्यकर्ताओं ने जुलूस निकालकर ‘केंद्र सरकार होश में आओ, युवाओं का भविष्य दांव पर न लगाओ’ नारे लगाए। इस दौरान भाकपा (माले) राज्य सचिव राजा बहुगुणा …

हल्द्वानी, अमृत विचार। भाकपा माले ने अग्निपथ योजना को अविलंब वापस लेने की मांग को लेकर आज कार रोड चौराहा बिन्दुखत्ता में मोदी सरकार का पुतला फूंका। इससे पूर्व कार्यकर्ताओं ने जुलूस निकालकर ‘केंद्र सरकार होश में आओ, युवाओं का भविष्य दांव पर न लगाओ’ नारे लगाए।

इस दौरान भाकपा (माले) राज्य सचिव राजा बहुगुणा ने कहा कि “अग्निपथ योजना’ परोक्ष रूप से सेना के ठेकाकरण की कोशिश है। यह योजना एक तरफ युवाओं के साथ क्रूर मजाक है तो दूसरी ओर देश की राष्ट्रीय सुरक्षा और सम्मान के साथ खिलवाड़ है। सेना की पूरी संरचना को तहस-नहस करने वाली इस योजना को देश कभी स्वीकार नहीं करेगा।

अग्निपथ योजना के विरोध में मोदी सरकार को पुतला फूंकते माले कार्यकर्ता।

उन्होंने कहा कि सेना के रिटायर्ड अधिकारी भी इसकी खुलकर मुखालफत पर उतर आए हैं। इस योजना के आने के पहले एयरफोर्स की दो परीक्षाओं को पास कर चुके और आर्मी की फाइनल कट ऑफ का इंतजार कर रहे हजारों युवाओं को भी इसी दायरे में धकेल दिया गया है। इसके खिलाफ आज पूरे देश में छात्र-युवाओं का आंदोलन शुरू हो चुका है और देश का कोना-कोना सुलग उठा है।

उन्होंने कहा कि छात्र-युवाओं के गुस्से का विस्फोट स्वभाविक है। मोदी सरकार न केवल अग्निपथ योजना की आड़ में युवाओं से धोखेबाजी कर रही है, बल्कि प्रत्येक साल दो करोड़ नौकरियों का उसका वादा भी छलावा साबित हुआ है। अब सरकार 2024 के चुनावों से पहले दस लाख रिक्तियां बिना किसी आधार के भरने की बात कह रही है। सरकार की इस जुमलेबाजी-धोखेबाजी के खिलाफ छात्र-युवाओं ने निर्णायक लड़ाई के लिए कमर कस ली है। वे देश के कोने-कोने में सड़कों पर उतर रहे हैं। मोदी सरकार को युवाओं के गुस्से को देखते हुए इस योजना को वापस लेना ही पड़ेगा

अग्निपथ योजना के विरोध में रैली निकालते माले कार्यकर्ता।

माले नेता व पूर्व सैनिक बहादुर सिंह जंगी ने कहा कि चार साल में जब तक युवा आर्मी का काम समझेंगे तब वे रिटायर कर दिए जाएंगे, यह सेना और युवाओं दोनों के साथ मोदी सरकार का भद्दा मज़ाक है। भर्ती होने की उम्र में रिटायरमेंट देने वाली मोदी सरकार की इस योजना के खिलाफ उभरा छात्र-युवा आक्रोश स्वाभाविक है तथा सरकार को कदम पीछे खींचने के लिए विवश कर देगा। उन्होंने सभी पूर्व सैनिकों से युवाओं के आंदोलन का समर्थन करने की अपील की।

इस मौके पर भाकपा माले के जिला सचिव डॉ. कैलाश पांडेय, डॉ. संजय शर्मा, विमला रौथाण, किशन बघरी, नैन सिंह कोरंगा, चन्दन राम, पूर्व सैनिक एनडी जोशी, धीरज कुमार, प्रमोद कुमार, स्वरुप सिंह दानू, कमल जोशी, मनोज जोशी, शिव सिंह, गौरव आदि रहे।

संबंधित समाचार